Prajasatta Side Scroll Menu
दीपावली 2026 बधाई सन्देश
IEC University Bahra University - Shimla Hills

अर्की में आयोजित स्वास्थ्य मेले में की गई 647 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच

अर्की में आयोजित स्वास्थ्य मेले में की गई 647 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच

अर्की|
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य मेलों की श्रृंखला में आज सोलन जिला का दूसरा स्वास्थ्य मेला अर्की विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किया गया। यह स्वास्थ्य मेला नागरिक अस्पताल अर्की में आयोजित किया गया।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रत्न सिंह पाल ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से जहां लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो रही है वहीं आयुष्मान एवं हिमकेयर कार्ड भी बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेले में लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होने से लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि आज आयोजित स्वास्थ्य मेले में कोविड-19 के साथ-साथ अन्य बीमारियों के लिए रोग प्रतिरोधक टीकाकरण किया गया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण में हिमाचल प्रदेश ने पूरे देश को राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सभी पात्र व्यक्तियों को कोरोना की दोनों डोज़ दी जा चुकी हैं। राज्य में वर्तमान में पात्र व्यक्तियों को बूस्टर डोज़ दी जा रही है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी पात्र व्यक्ति

बूस्टर डोज़ भी अवश्य लगावाएं।
रत्न सिंह पाल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के समय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ-साथ आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।
उन्होंने आशा जताई कि स्वास्थ्य मेले के माध्यम से लोगों को आयुष्मान भारत एवं हिमकेयर योजना की पूरी जानकारी मिलेगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अपने आस पास के सभी व्यक्तियों को केन्द्र सरकार की आयुष्मान भारत तथा प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के साथ-साथ सहारा जैसी योजनाओं की जानकारी दें ताकि लोग इनका लाभ उठा सकें।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल ने आज़ादी के अमृत महोत्सव के दौरान आयोजित किए जा रहे स्वास्थ्य मेलों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य मेलों में हिमकेयर एवं आयुष्मान कार्ड के साथ-साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए जा रहे है। यहां विभिन्न परीक्षण सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं और रोगियों को विशेषज्ञों द्वारा जांच के उपरांत दवाइयां भी मुफ्त दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल को स्वास्थ्य मेला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सायरी, 21 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नालागढ़ तथा 22 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चण्डी में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजित किया गया और विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई। आज आयोजित स्वास्थ्य मेले में आयुष विभाग द्वारा 116 तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 531 व्यक्तियों की जांच की गई। इस अवसर पर 10 व्यक्तियों के रक्त नमूने परीक्षण के लिए एकत्र किए गए।

जिला परिषद सदस्य आशा परिहार, नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, पार्षद सुरेन्द्र शर्मा, रूचिका गुप्ता एवं निर्मला देवी, जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, प्रदेश किसान मोर्चा के सचिव दलीप पाल, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य जय नंद शर्मा, कार्यकारी उपमण्डलाधिकारी अर्की रमन ठाकुर, खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. राधा शर्मा, भाजपा तथा भाजायुमो के पदाधिकारी, चिकित्सक, पैरा मेडिकल कर्मी एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Aaj Ki KhabrenSolan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News todaySolan samachar

Join WhatsApp

Join Now