Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

हिमाचल में कोरोना से प्रभावित हुआ पर्यटन उद्योग फिर पटरी पर लौटा

हिमाचल में कोरोना से प्रभावित हुआ पर्यटन उद्योग फिर पटरी पर लौटा

हिमाचल प्रदेश में कोविड-19 महामारी के कारण बुरी तरह प्रभावित पर्यटन क्षेत्र एक बार फिर से पटरी पर लौट रहा है।

वर्ष 2022 में हिमाचल प्रदेश में 1.51 करोड़ से अधिक पर्यटक आए, जिसके साथ पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है, जबकि 2019 में राज्य में 1.72 करोड़ पर्यटक आए थे।

वर्ष 2022 में 29,333 विदेशियों सहित 1.51 करोड़ पर्यटकों ने हिमाचल का दौरा किया। इनमें से कुल्लू और शिमला में सर्वाधिक पर्यटक आए, जो राज्य में आने वाले कुल पर्यटकों का 36 प्रतिशत है।

राज्य के पर्यटन विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 2021 की तुलना में 2022 में पर्यटकों की संख्या में 62 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2021 में केवल 56.37 लाख पर्यटक हिमाचल प्रदेश आए थे।

वर्ष 2022 में मई और जून के महीने में सबसे अधिक 18.70 लाख और 20.63 लाख पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश का दौरा किया।

राज्य के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन क्षेत्र का योगदान लगभग 7.5 प्रतिशत है।

हालांकि, अपंजीकृत होटलों और अन्य जगहों में रहने वाले पर्यटकों को इन आंकड‍़ों में शामिल नहीं किया गया है।

पर्यटन एवं हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”कोविड-19 महामारी के मद्देनजर लगाए गए लॉकडाउन और प्रतिबंधों के कारण दिनचर्या नीरस हो गयी थी, लेकिन लोग अब बाहर निकल रहे हैं और गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के पर्यटन विभागों की ओर से आक्रामक विपणन नीति का पालन और प्रचार किया जा रहा है तथा इसकी मदद से हिमाचल में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।”

अमित कश्यप ने कहा, ”हमने स्थानीय भाषाओं में जिंगल्स के माध्यम से विपणन नीति पर ध्यान केंद्रित किया है और इन राज्यों में टेलीविजन, मल्टीप्लेक्स, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर विज्ञापन किया है। हमने हिमाचल के 12 जिलों के अनदेखे पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्रसारित करने के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो भी पोस्ट किए। इसके सार्थक परिणाम सामने आए हैं और राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।”
– ख़बर माध्यम भाषा-

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News Today

Join WhatsApp

Join Now