Prajasatta Side Scroll Menu

दूरदर्शन के डीडी हिमाचल चैनल की 24 घंटे प्रसारण सेवाओं का शुभारंभ

दूरदर्शन के डीडी हिमाचल चैनल की 24 घंटे प्रसारण सेवाओं का शुभारंभ

शिमला|
-मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री रहे उपस्थित
-प्रदेश की समृद्ध पर्यटन क्षमता को देश व विदेश में प्रसारित करने में अहम भूमिका निभाएगा डीडी हिमाचल : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज पीटरहॉफ शिमला से दूरदर्शन के डीडी हिमाचल चैनल की 24 घंटे प्रसारण सेवाओं का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लगभग 70 लाख आबादी वाले हिमाचल प्रदेश को 24 घंटे डीडी हिमाचल प्रसारण के लिए केंद्रीय मंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले मंत्री हैं, इसलिए यह सेवा शुरू हो पाई है। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन के राष्ट्रीय प्रसारण की शुरुआत पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी ने की थी तथा समय के साथ-साथ दूरदर्शन में कई महत्वपूर्ण परिवर्तन आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य को विकास की ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, जिसके लिए केंद्र सरकार का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार दलगत राजनीति में विश्वास नहीं करती और केंद्र सरकार के साथ मिलकर प्रदेशवासियों को जन-सुविधाएं प्रदान करने और राज्य के विकास के लिए काम करेगी। केंद्र व प्रदेश की योजनाओं को आम आदमी तक पहुंचा कर उन्हें अधिक से अधिक लाभ देने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेलों का आधारभूत ढांचा मजबूत करने की आवश्यकता है, जिसके लिए केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि केंद्र की अन्य योजनाओं में भी हिमाचल प्रदेश को उसका हक मिलना चाहिए। हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी पर्यटन पर निर्भर करती है तथा डीडी हिमाचल पर पर्यटन संबंधी गतिविधियों पर आधारित कार्यक्रमों से इस क्षेत्र को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन बढ़ेगा तो इससे रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

इसे भी पढ़ें:  Himachal News: हिमाचल के चार आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं तथा राज्य सरकार ने इनके दोहन के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए आधारभूत अधोसंरचना सृजित की जा रही है ताकि यहां पर उनकी यात्रा आरामदायक एवं सुविधाजनक हो।
मुख्यमंत्री ने प्रसार भारती प्राधिकरण से आग्रह कि वे हिमाचल प्रदेश की समृद्ध पर्यटन क्षमता को देश व विदेश में प्रसारित करें ताकि अधिक से अधिक पर्यटक यहां भ्रमण पर आएं। इससे न केवल प्रदेश के लोगों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि उन्हें प्रदेश की खूबसूरत वादियों से रूबरू होने का सुअवसर प्राप्त होगा।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, युवा कार्य तथा खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का कार्यक्रम में पधारने पर स्वागत किया और प्रदेशवासियों को डीडी हिमाचल की सेवाएं चौबीस घंटे उपलब्ध होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल के लिए ऐतिहासिक दिन है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में दूरदर्शन चैनल का 24 घंटे प्रसारण शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसमें आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। डीडी हिमाचल डीटीएच पर भी उपलब्ध होगा, जिसके माध्यम से प्रदेश की कला, संस्कृति, साहित्य, पर्यटन व धार्मिक स्थलों, खेल गतिविधियों तथा विभिन्न उपलब्धियों से संबंधित जानकारी देश और दुनिया तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि इस चैनल के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और इसके लिए राज्य के पर्यटन विभाग के साथ मिलकर काम किया जाएगा। साथ ही, हिमाचल प्रदेश के लोक संगीत को भी एक बेहतरीन मंच प्राप्त होगा, जिसके लिए दूरदर्शन के प्रसिद्ध कार्यक्रम चित्रहार की तर्ज पर हिमाचली संगीत पर कार्यक्रम प्रसारित किया जाए।

इसे भी पढ़ें:  हिमाचल प्रदेश में गाड़ियों की रेजिस्ट्रेशन का महाघोटाला, नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का बड़ा खुलासा

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि इस चैनल के माध्यम से देश की आजादी में भूमिका निभाने वाले देवभूमि के स्वतंत्रता सेनानियों तथा सेना में सेवाएं देने वाले वीर सैनिकों के साहस की शौर्य गाथाएं भी प्रस्तुत की जाएंगी। उन्होंने कहा कि डीडी हिमाचल पर आधे-आधे घंटे के तीन समाचार बुलेटिन प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश में होने वाली विभिन्न गतिविधियों का इवेंट के रूप में लाइव प्रसारण किया जाएगा तथा हिमाचल प्रदेश से जुड़ी सभी जानकारियां डीडी हिमाचल पर उपलब्ध होंगी।
सांसद सुरेश कश्यप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीडी हिमाचल का प्रसारण चौबीस घंटे होने से लोगों को बेहतरीन कार्यक्रम देखने को मिलेंगे और पूरी दुनिया को भी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के बारे में जानकारी प्राप्त होगी।

इसे भी पढ़ें:  Himachal News: दिवाली से पहले प्रदेश के युवाओं को राज्य सरकार का तोहफा, घोषित होंगे छ: पोस्ट कोड के नतीजे.!

इससे पहले, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को सम्मानित किया। प्रसार भारती के सीईओ गौरव द्विवेदी ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पधारने पर स्वागत किया।

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, विधायकगण, दूरदर्शन के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)
Aaj Ki Khabren Himachal Latest News Himachal News in Hindi Himachal Pradesh News Himachal Pradesh samachar Himachal update HP government news HP News Today

Join WhatsApp

Join Now