Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

महलोग रियासत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक दो दिवसीय माहूनाग मेले का 14 मार्च से भव्य आयोजन

महलोग रियासत के प्रसिद्ध ऐतिहासिक दो दिवसीय माहूनाग मेले का 14 मार्च से भव्य आयोजन

जी एल कश्यप |पट्टा मेहलोग
दून विधानसभा के तहत महलोग क्षेत्र में ग्राम पंचायत ढकरियाणा के हाड़ा मैहता में माहूनाग देवता का दो दिवसीय मेला 14 व 15 मार्च को बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। पंचायत ढकरियाणा के प्रधान प्रेम सिंह, मेला प्रबंधन समिति के प्रधान कुलवंत राणा व खेल समिति के संयोजक मुकेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष मेले का मुख्य आकर्षण कुश्ती, कब्बडी व वालीबॉल प्रतियोगिता होंगे। मेले के मुख्य अतिथि दून हल्के के विधायक व मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी होंगे।

कुलवंत राणा ने बताया कि मेले का शुभारंभ 14 मार्च को सुबह परंपरागत देव पूजा एवम सर्व शांति यज्ञ के साथ किया जाएगा। मेले में दर्शकों के रोमांच के लिए ओपन कुश्ती, कब्बड्डी, वॉलीबाल, और मटकी फोड़ जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा। 15 मार्च को मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी मेले में पहुंच कर मेले की शोभा बढ़ाएंगे। बता दें कि ढकरियाना पँचायत में स्थित माहूनाग देवता का यह एक ऐतिहासिक मन्दिर है जो कि पहाड़ी की चोटी पर स्थित अति रमणीक व स्वास्थ्यवर्धक स्थल है।

रियासतकाल में राजाओं के समय से बने इस मंदिर की एक नहीं अनेक विशेषताएं है। शिक्षाविद रविन्द्र शर्मा ने बताया कि अगर आज भी किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो माहूनाग देवता का नाम लेकर मन्नत रख लें या तुरन्त उसी समय इस मंदिर में पहुंच जाएं तो सांप का जहर तक नहीं चढ़ता। इस के चलते आज भी दूर-दूर से हजारों लोगों की मन्नतें पूरी होने पर पूरे साल भर व इस मेले के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपनी मन्नतें चढ़ाने व देवता के दर्शन व आर्शीवाद लेने यहां आते हैं। मेले की शोभा को बढ़ाने के लिए यहां अनेक खेलों व दोनों दिन कुश्ती प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाता है। इस वर्ष दोनों दिन भंडारा भी आयोजित किया जाएगा।

14 मार्च की रात्रि को ग्रामवासियों द्वारा मंदिर परिसर में श्री माहूनाग देव का भव्य जागरण भी किया जाएगा। मेले की चहल पहल भरा वातावरण सहज ही मन को आकर्षित व मंत्रमुग्ध कर देता है। रात्रि ठहराव के लिए यहां समिति ने भव्य सरांए भी मन्दिर परिसर में बनाई है। हिमाचल सरकार व पर्यटन विभाग इस तरफ अगर थोड़ा सा ध्यान दे तो यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में उभर सकता है। माहूनाग के समीप ही ऐतिहासिक धार्मिक स्थल जोहड़जी साहिब, रावण की जोहडी व मायापूरी धाम छमकडी भी है।

Solan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News todaySolan samachar

Join WhatsApp

Join Now