Mandi Nursing Student Suicide News: मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में 22 वर्षीय बीएससी नर्सिंग प्रशिक्षु दिव्य ज्योति सैनी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती पंजाब निवासी एक युवक द्वारा बार-बार परेशान किए जाने के कारण मानसिक उत्पीड़न का शिकार थीं। सुंदरनगर पुलिस थाने की टीम ने गांव रोपा डाकघर भोजपुर, तहसील सुंदरनगर निवासी 72 वर्षीय किशोर चंद के बयान पर आधारित शिकायत दर्ज कर ली है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आरोपित युवक की तलाश कर रही है। किशोर चंद ने पुलिस को दिए बयान में स्पष्ट किया कि दिव्य ज्योति सैनी उनकी दत्तक पुत्री हैं। उन्होंने बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर ली थी और इन दिनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर में प्रशिक्षण ले रही थीं।
6 अप्रैल को दिव्य ज्योति सैनी ने अपने पिता को बताया कि ललित नाम का एक युवक उन्हें बार-बार परेशान कर रहा है। युवक फोन पर संपर्क करके मिलने के लिए दबाव बनाता था। 4 अप्रैल को भी इसी युवक ने कई बार फोन करके दिव्य ज्योति सैनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर के बाहर मिलने के लिए कहा था। छात्रा ने पिता को बताया था कि वे युवक से कोई बात नहीं करना चाहती थीं, फिर भी वह लगातार उन्हें तंग करता रहा।
परिवार का आरोप है कि इसी निरंतर मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर दिव्य ज्योति सैनी ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद परिजनों ने कमरे की तलाशी ली तो वहां एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है।
आरोपित युवक की पहचान ललित कुमार पुत्र दर्शन लाल, निवासी नरोट मेहरा, तहसील पठानकोट, पंजाब के रूप में हुई है। किशोर चंद ने पुलिस को बताया कि यह युवक पहले उनके घर सोलर का सामान लगाने आया था।
सुंदरनगर थाना पुलिस ने किशोर चंद के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है। जांच टीम सुसाइड नोट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन छानबीन कर रही है। आरोपित ललित कुमार की तलाश जारी है। पुलिस जांच जारी है और मामले में कोई नई जानकारी सामने आने पर आगे की सूचना दी जाएगी।





















