HPRCA Teacher Recruitment 2026: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने शिक्षा विभाग में शिक्षकों और अन्य कर्मियों की कमी को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, प्रदेश के सीबीएसई संबद्ध सरकारी स्कूलों में विभिन्न विषयों के 808 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 17 अप्रैल 2026 से आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
HPRCA Teacher Recruitment 2026 के आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां और प्रक्रिया
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन भर्ती आवेदन (ORA) पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन पत्र पूरी तरह से अस्वीकार्य होंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 8 मई 2026 (रात 11:59 बजे) निर्धारित की गई है। आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद, उम्मीदवारों को त्रुटि सुधार के लिए चार दिनों की ‘करेक्शन विंडो’ उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके लिए 100 रुपये अतिरिक्त शुल्क देय होगा।
HPRCA Teacher Recruitment 2026 के लिए पदों का विवरण और मानदेय
इस भर्ती के अंतर्गत संगीत, संस्कृत, ड्राइंग और शारीरिक शिक्षा (प्राथमिक) के लिए प्रत्येक विषय में 118-118 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अतिरिक्त, हिंदी शिक्षक के 151 पद, भूगोल के 99 पद और इतिहास शिक्षक के 86 पदों को भरा जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 30,000 रुपये का निश्चित मानदेय प्रदान किया जाएगा। यह नियुक्ति शैक्षणिक वर्ष में 10 महीने की अवधि के लिए होगी।
पात्रता और आयु सीमा
भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। पात्रता और अनुभव की गणना के लिए अंतिम तिथि 8 मई 2026 मानी जाएगी। आरक्षित श्रेणी (ओबीसी, बीपीएल, ईडब्ल्यूएस आदि) के उम्मीदवारों के पास पूरी चयन प्रक्रिया के दौरान वैध श्रेणी प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है।
HPRCA Teacher Recruitment 2026: परीक्षा शुल्क और स्क्रीनिंग मानदंड
सामान्य और अन्य श्रेणियों के उम्मीदवारों को कुल 800 रुपये का भुगतान करना होगा (100 रुपये परीक्षा शुल्क + 700 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क)। लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग अंक इस प्रकार हैं:
- सामान्य श्रेणी: 45 प्रतिशत
- आरक्षित श्रेणियां (SC/ST/OBC/स्वतंत्रता सेनानी आश्रित): 40 प्रतिशत
आयोग ने विशेष परिस्थिति में, यदि पात्र उम्मीदवारों की संख्या कम रहती है, तो अर्हक अंकों में 5 प्रतिशत तक की छूट देने का अधिकार सुरक्षित रखा है।
नियुक्ति की प्रकृति: महत्वपूर्ण शर्तें
यह भर्ती पूरी तरह से योजना आधारित और पांच वर्षों के लिए अस्थायी होगी। आयोग ने विशेष रूप से स्पष्ट किया है कि:
- चयनित अभ्यर्थी सरकारी कर्मचारी नहीं माने जाएंगे।
- नियमितीकरण का कोई दावा मान्य नहीं होगा और न ही सेवा नियम (CCS/CCA/पेंशन) लागू होंगे।
- शिक्षकों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति का लाभ नहीं मिलेगा।
- विभाग की आवश्यकतानुसार शिक्षकों को किसी भी सीबीएसई संबद्ध या अन्य सरकारी स्कूल में तैनात किया जा सकता है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे ओआरआर भरने से पहले ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ (OTR) पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत करें और आवेदन पत्र में सक्रिय मोबाइल नंबर व ईमेल का ही उपयोग करें।




















