Sarkaghat Murder Case News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। गोपालपुर क्षेत्र के नैण गांव के पास कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया है।
मृतक छात्रा की पहचान 19 वर्षीय सिया गुलेरिया के रूप में हुई है, जो जोगिंद्र कुमार की पुत्री थी और नैण गांव (डाकघर गोपालपुर) की रहने वाली थी। जानकारी के अनुसार, सिया हर रोज की तरह सोमवार सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में ही उसकी जान ले ली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात हमलावरों ने छात्रा का रास्ता रोका। इनमें से एक युवक ने हुड (Hood) पहना हुआ था। हमलावरों ने बिना किसी हिचकिचाहट के तेजधार हथियार से छात्रा की गर्दन पर वार किया और उसका गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सरकाघाट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस फिलहाल आसपास के रास्तों की नाकाबंदी कर रही है और संदिग्धों का सुराग लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एसपी मंडी, विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर संभावित एंगल से इस हत्याकांड की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें तैनात कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधी गिरफ्त में होंगे।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात के बाद स्थानीय निवासियों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अपराधी इतने बेखौफ हो गए हैं कि उन्होंने सार्वजनिक रास्ते पर इस तरह के अपराध को अंजाम दिया। फिलहाल हत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।



















