South Superstar Nagarjuna Manali Visit: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और प्रशंसकों के बीच ‘किंग’ के नाम से मशहूर नागार्जुन अक्किनेनी ने अपने करियर का एक बड़ा मील का पत्थर पार करने की तैयारी शुरू कर दी है। नागार्जुन अपनी बहुप्रतिक्षित 100वीं फिल्म की शूटिंग के लिए पर्यटन नगरी मनाली पहुँच गए हैं। सुपरस्टार के आगमन की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशंसकों और सिनेमा प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक मनाली पहुँचने पर नागार्जुन और फिल्म की मुख्य अभिनेत्री ऐश्वर्या रमेश का बारागढ़ रिजॉर्ट एंड स्पा (IHCL सेलेक्शन्स) में जोरदार स्वागत किया गया। रिजॉर्ट के महाप्रबंधक रणजीत सिंह ने पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों के साथ उनका अभिनंदन किया। इस प्रवास के दौरान नागार्जुन ने अपने पुराने मित्र और उत्कृष्टता पुरस्कार विजेता निर्देशक नकुल खुल्लर से भी मुलाकात की, जो इस प्रसिद्ध रिजॉर्ट के मालिक हैं।
अन्नपूर्णा स्टूडियोज का ड्रीम प्रोजेक्ट
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय समन्वयक अनिल काइस्ता और रॉनी काइस्ता द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह फिल्म नागार्जुन के फिल्मी सफर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्माण उनके अपने प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस ‘अन्नपूर्णा स्टूडियोज’ के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म का निर्देशन उभरते हुए निर्देशक कार्तिक आर कर रहे हैं, जबकि दृश्य कला और सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी राजा महादेवन के कंधों पर है।
हिमाचल की इन खास लोकेशंस पर होगी शूटिंग
उल्लेखनीय है कि फिल्म की शूटिंग यूनिट आने वाले कुछ दिनों तक कुल्लू और लाहुल घाटी के विभिन्न दुर्गम और सुरम्य स्थानों पर फिल्मांकन करेगी। शेड्यूल के मुताबिक, लाहुल के ‘कोकसर’ में बर्फ से ढकी चोटियों के बीच फिल्म के कई अहम एक्शन और इमोशनल सीन फिल्माए जाने की योजना है।
इसके अलावा, ऐतिहासिक नग्गर कैसल की बेजोड़ वास्तुकला और उसके आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य को भी फिल्म के फ्रेम में उतारा जाएगा। शूटिंग के लिए स्थानीय रिजॉर्ट और उसके आसपास के क्षेत्रों को भी मुख्य लोकेशन के रूप में चुना गया है।
बता दें कि हिमाचल की हसीन वादियों में नागार्जुन जैसे बड़े स्तर के सुपरस्टार की फिल्म की शूटिंग होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है। पर्यटन से जुड़े लोगों का मानना है कि साउथ सिनेमा की इस बड़ी फिल्म की शूटिंग से जहाँ रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाली की ब्रांडिंग भी होगी। फिलहाल, पूरी घाटी में ‘किंग’ नागार्जुन की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का तांता लगा हुआ है।
















