Mandi News Today: मंडी जिले के लडभड़ोल तहसील के अंतर्गत आने वाली कोलंग पंचायत के डगू गांव में एक शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बुजुर्ग पिता प्रेम लाल (64 वर्ष) पर उनके ही कलयुगी बेटे और बहू ने दराट और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रेम लाल ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि उनके बेटे ने लव मैरिज की है और बहू पहले से ही शादीशुदा है। घटना उस समय हुई जब प्रेम लाल ने अपने बेटे और बहू को घर के ताले तोड़ते हुए देख लिया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से उन्हें ऐसा करने से रोका, जिससे आरोपी भड़क गए।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बेटे और बहू ने बुजुर्ग पर पीछे से हमला कर दिया। पहले उन्होंने प्रेम लाल के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया, जिससे वे जमीन पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने उन पर दराट (तेजधार हथियार) और डंडों से बेरहमी से वार किए। हमले के दौरान बुजुर्ग को शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं।
मौके पर मौजूद पड़ोसियों के आने की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में खुद को संभालते हुए बुजुर्ग ने 108 एंबुलेंस को फोन कर मदद बुलाई। एंबुलेंस की मदद से उन्हें तुरंत लडभड़ोल सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां छुट्टी का दिन होने के कारण मौजूद नर्स ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लडभड़ोल की टीम अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में पुलिस टीम मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
















