Sirmour News: सिरमौर जिले में नाहन-कुमारहट्टी-शिमला नेशनल हाईवे-907ए पर लादू के जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से उठ रही दुर्गंध के बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। वहीं, शव पर चोटों के निशान मिलने की बात सामने आने के बाद हत्या की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जंगल की ओर से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने बनेठी पंचायत के पूर्व उपप्रधान राजकुमार ठाकुर को इसकी सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो हाईवे किनारे जंगल में महिला का शव पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत नाहन सदर पुलिस थाना को सूचित किया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव दो से तीन दिन पुराना हो सकता है। महिला की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया गया, ताकि मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें। साक्ष्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शव को फिलहाल घटनास्थल से नहीं हटाया गया। पुलिस दुर्घटना सहित हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
एसपी एनएस नेगी ने की घटना की पुष्टि
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार शाम ग्रामीणों के माध्यम से लादू के जंगल में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान करने और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के बाद ही मामले की तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।

























