Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

मुख्यमंत्री ने अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की

मुख्यमंत्री ने अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण समारोह की तैयारियों की समीक्षा की

प्रजासत्ता|
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने अटल टनल रोहतांग के लोकार्पण समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सिस्सू में जनसभा स्थल और अटल टनल रोहतांग के उत्तर व दक्षिण छोर, सासे हेलीपैड और सोलंग नाला में जनसभा स्थल का भी दौरा किया।

मुख्यमंत्री ने वन्य प्राणी हाॅल मनाली में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, कुल्लू के जिला अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि अटल टनल रोहतांग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जो इंजिनियरिंग का एक बेहतरीन नमूना है और राष्ट्र के लिए एक उपहार भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 अक्तूबर, 2020 को इस टनल के लोकार्पण समारोह के लिए लाहौल आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से इस आयोजन की सफलता के लिए सभी आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित करने को कहा।

Kullu Dussehra 2026 Celebration

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान और इसके उपरांत भी सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर आने वाले गणमान्य, मंत्रियों, मीडिया कर्मियों आदि की सुविधा के दृष्टिगत सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएं। उन्होंने कहा कि अटल टनल रोहतांग सामरिक दृष्टि से राष्ट्र के लिए एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है, यह लाहौल-स्पीति और चम्बा जिला के पांगी क्षेत्र के लोगों की आर्थिकी को और अधिक सुदृढ़ बनाने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि इस टनल से कृषि, पर्यटन और बागवानी क्षेत्रों के लिए नये अवसर सृजित होंगे।

जय राम ठाकुर ने कहा कि इस अवसर पर तीन बड़े आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में लाहौल-स्पीति के सिस्सू में जनसभा, अटल टनल के दक्षिण छोर में बीआरओ का समारोह तथा कुल्लू जिले के सोलंग में जनसभा शामिल है। उन्होंने होर्डिंग को इस तरह लगाने के निर्देश दिए कि वह क्षेत्र की सुंदरता में बाधा न बने। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए अधिकारियों से विभिन्न विभागों में आपसी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पीति के सिस्सू व अटल टनल के उत्तरी छोर में बीआरओ के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकण्डा ने लाहौल घाटी के सिस्सू हवाई-अड्डे में मुख्यमंत्री के आगमन पर उनका स्वागत किया।
उपायुक्त कुल्लू डाॅ. रिचा वर्मा ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री के आगमन से सम्बन्धित तैयारियों को लेकर विस्तृत प्रस्तुति दी।

शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, राज्य भाजपा के संगठन सचिव पवन राणा, बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, मुख्य सचिव अनिल खाची, पुलिस महानिदेशक संजय कुण्डू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जे.सी. शर्मा, पर्यटन एवं सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव देवेश कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Himachal Latest NewsHimachal NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News Today

Join WhatsApp

Join Now