बद्दी|
सोलन जिले में औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत नगर परिषद बद्दी के सदस्यों के साथ विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने बैठक की| बैठक के दौरान नगर परिषद के अंतर्गत रिहायशी इलाकों में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के लिए बैरिकेड लगाने और फिर तोड़ने के मुद्दे पर चर्चा हुई| इस पर कमेटी के लोगों की ओर से विधायक से कहा गया जब बद्दी के पूर्व एसपी रोहित मालपानी ने कमेटी को बैरिकेड तोड़ने को लेकर नोटिस भेज दिया था, लेकिन जिस गाड़ी ने इसे तोड़ा, उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की|
बस इसी का जवाब देते हुए भाजपा विधायक का परमजीत सिंह पम्मी ने कहा कि अब मालपानी यहां से चले गए हैं और वह बहुत सारा ‘मालपानी’ एकत्रित करके चले गए हैं| विधायक की यह बात वीडियो में रिक़ॉर्ड हो गई और सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हो रही है| बता दें कि अब रोहित मालपानी का बद्दी से तबादला हो चुका है|
लोगों में यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है| साथ ही विधायक परमजीत सिंह पम्मी पर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं| क्योंकि अगर विधायक परमजीत सिंह पम्मी को पता था कि आईपीएस मालपानी यहां से ‘मालपानी’ एकत्रित कर रहे हैं तो उस समय विधायक क्यों चुप रहे? क्यों विधायक ने रिश्वतखोरी को लेकर सीएम या सरकार के समक्ष यह मुद्दा नहीं उठाया? ऐसे में अब पूर्व एसपी के खिलाफ यहां से मालपानी एकत्रित कर जाने की बात कह रहे हैं|
















