Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

बड़ी खबर: AI के दौर में यह मल्टीनेशनल कंपनी करेगी 1,000 ग्रेजुएट्स की भर्ती..

Salesforce AI Recruitment: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण नौकरियों पर मंडराते संकट के बीच क्लाउड सॉफ्टवेयर दिग्गज सेल्सफोर्स ने बड़ी भर्ती का ऐलान किया है, जिसमें फ्रेशर्स को कंपनी के सबसे एडवांस एआई प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका मिलेगा।
Published on: 7 May 2026
Salesforce AI Jobs 2026: बड़ी खबर: AI के दौर में यह मल्टीनेशनल कंपनी करेगी 1,000 ग्रेजुएट्स की भर्ती..

Salesforce AI Jobs 2026: एक तरफ पूरी दुनिया में इस समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर  गंभीर बहस छिड़ी हुई है। विशेषज्ञों का एक धड़ा लगातार यह चेतावनी दे रहा है कि आने वाले समय में एआई एंट्री-लेवल नौकरियों को पूरी तरह खत्म कर सकता है। कई बड़ी वैश्विक टेक कंपनियों में हाल के महीनों में हुई बड़े पैमाने पर छंटनी ने इस डर को और पुख्ता किया है। लेकिन इसी बीच दिग्गज क्लाउड सॉफ्टवेयर कंपनी सेल्सफोर्स (Salesforce) के सीईओ मार्क बेनियोफ (Marc Benioff) ने एक ऐसा कदम उठाया है जिसने इस पूरी बहस को एक नया मोड़ दे दिया है।

मार्क बेनियोफ ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उनकी कंपनी इस समय 1,000 नए ग्रेजुएट्स और इंटर्न्स की भर्ती कर रही है। यह खबर उन युवाओं के लिए बड़ी राहत लेकर आई है जो टेक सेक्टर में अपने करियर की शुरुआत करना चाहते हैं। बेनियोफ का तर्क है कि एआई एंट्री-लेवल जॉब्स को खत्म नहीं कर रहा है, बल्कि यह नई तरह की नौकरियों के द्वार खोल रहा है और रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है।

सेल्सफोर्स की इस योजना के तहत इन 1,000 युवाओं को कंपनी के सबसे एडवांस एआई प्रोजेक्ट्स पर सीधे तौर पर काम करने का अवसर दिया जाएगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इन नई भर्तियों को सेल्सफोर्स के विशेष “फ्यूचर फोर्स” (Future Force) प्रोग्राम के तहत शामिल किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को कंपनी के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स जैसे ‘एजेंटफोर्स’ (Agentforce) और ‘Headless360’ जैसे अत्याधुनिक एआई सिस्टम्स पर काम करने का अनुभव प्राप्त होगा।

मार्क बेनियोफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी बात रखते हुए उन आलोचकों को जवाब दिया जो एआई को रोजगार के लिए खतरा मानते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह दावा किया था कि एआई एंट्री-लेवल की नौकरियां छीन लेगा, वे आज देख सकते हैं कि वही युवा वर्ग आज एआई सिस्टम्स को बनाने और उन्हें विकसित करने की दिशा में नेतृत्व कर रहा है। उनका यह बयान वैश्विक बाजार में एआई को लेकर बनी धारणा को बदलने की एक कोशिश माना जा रहा है।

वहीं इस संदर्भ में ‘एआई ज़ार’ (AI Czar) डेविड सैक्स (David Sacks) ने भी महत्वपूर्ण आंकड़े पेश किए हैं। सैक्स के अनुसार, मौजूदा डेटा उस ‘जॉब एपोकैलिप्स’ या नौकरी खत्म होने वाली कहानी का समर्थन नहीं करता जो अक्सर मीडिया में सुनाई देती है। उनके द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, कॉलेज ग्रेजुएट्स की भर्ती में पिछले साल की तुलना में 5.6 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है। इतना ही नहीं, 20 से 24 साल के डिग्रीधारी युवाओं में बेरोजगारी दर भी 8.9 फीसदी से घटकर अब 5.3 फीसदी रह गई है।

हालांकि, सेल्सफोर्स का यह फैसला विरोधाभासों से भी भरा नजर आता है। गौरतलब है कि इसी साल सेल्सफोर्स ने अपने कार्यबल से लगभग 1,000 कर्मचारियों की छंटनी भी की थी। विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस छंटनी का असर मार्केटिंग, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, डेटा एनालिटिक्स और यहां तक कि एजेंटफोर्स एआई टीम से जुड़े कुछ पदों पर भी पड़ा था। इसके बावजूद, कंपनी का वर्तमान रुख यह स्पष्ट करता है कि एआई सेक्टर में नए और अपडेटेड टैलेंट की मांग भविष्य में और बढ़ने वाली है।

बता दें कि कि नौकरी की तलाश कर रहे ग्रेजुएट्स और छात्रों के लिए कंपनी ने आवेदन की प्रक्रिया को काफी सरल और सीधा रखा है। इच्छुक उम्मीदवार जो सेल्सफोर्स के इस विजन का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे अपना अपडेटेड रिज्यूम सीधे कंपनी की समर्पित ईमेल आईडी futureforce@salesforce.com पर भेज सकते हैं। सेल्सफोर्स का यह कदम उस समय आया है जब वैश्विक स्तर पर तकनीक और मानवीय श्रम के भविष्य को लेकर मची जद्दोजहद अपने चरम पर है।

AI JobsArtificial IntelligenceFuture of WorkMarc BenioffSalesforceTech Recruitment

Join WhatsApp

Join Now