Kangra Road Accident News: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां 32 वर्षीय युवक की खाई में गिरने से जान चली गई। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के चमडेरा गांव के पास देर रात युवक का शव उसकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक के साथ बरामद किया गया। इस दु;खद घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दशहरा मनाकर घर से ड्यूटी के लिए निकला था युवक
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान भनियार (विधानसभा क्षेत्र शाहपुर) निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। विकास नगरोटा सूरियां में फोरलेन निर्माण कार्य में जुटी एक निजी कंपनी में कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, विकास त्योहारी सीजन में दशहरा मनाने के लिए अपने घर आया हुआ था। वह बुधवार सुबह परिवार के साथ समय बिताने के बाद वापस अपनी ड्यूटी के लिए निकला था।
फोन न उठने पर बढ़ी चिंता, पुलिस ने शुरू की तलाश
बुधवार शाम तक जब विकास अपने काम के सिलसिले में कार्यस्थल पर नहीं पहुंचा और लगातार फोन करने के बावजूद उसका मोबाइल नहीं उठा, तो परिजनों की चिंता काफी बढ़ गई। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिजनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने सूचना मिलते ही विकास के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन को ट्रैक किया और उसी आधार पर गहन तलाशी अभियान शुरू किया।
तीन किलोमीटर दूर खाई में मिला क्षतिग्रस्त बाइक के साथ शव
मोबाइल लोकेशन का पीछा करते हुए देर रात पुलिस और परिजनों की टीम घर से करीब तीन किलोमीटर दूर चमडेरा गांव के पास पहुंची। वहां सड़क किनारे एक गहरी खाई में विकास का शव और उसकी क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी मिली। इसके बाद कड़ी मशक्कत के साथ शव को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई कर रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, दो बेटियों के सिर से उठा साया
इस अचानक हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। 32 वर्षीय विकास अपने पीछे पत्नी, दो मासूम बेटियों और वृद्ध मां को छोड़ गए हैं। घर के कमाने वाले इकलौते सहारे की इस तरह अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।



















