Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

नीट काउंसलिंग को लेकर दिल्ली के डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी, बंद का किया आह्वान

Published on: 28 December 2021
नीट काउंसलिंग को लेकर दिल्ली के डॉक्टरों का प्रदर्शन जारी, बंद का किया आह्वान

प्रजासत्ता नेशनल डेस्क|
दिल्ली में सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों के एक संघ ने मंगलवार को कहा कि वह नीट-पीजी काउंसलिंग में हो रही देरी के खिलाफ तब तक विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे, जब तक कि उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती। बता दें कि नीट-पीजी काउंसिलिंग में देरी के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर और दिल्ली पुलिस आमने-सामने आ गए हैं। डॉक्टरों की पुलिस के साथ झड़प हो गई थी। यह हंगामा देर रात तक सड़क पर चलता रहा। सोमवार को हुई झड़प में दोनों पक्षों का दावा है कि उनकी ओर के कई लोग घायल हुए हैं।


डॉक्टर दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल से डॉक्टर मार्च निकालना चाह रहे हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस ने सभी गेट बंद कर दिए। दिल्ली के सभी मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों को सफदरजंग अस्पताल बुलाया गया था। डॉक्टर सफदरगंज से सुप्रीम कोर्ट मार्च निकालने वाले थे। सुप्रीम कोर्ट में इस मामले की सुनवाई चल रही है। पिछले एक साल से एडमिशन के लिए काउंसिलिंग बंद है।


फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) के महासचिव डॉ कुल सौरभ कौशिक ने कहा, ”हमें सरोजिनी नगर पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया। चर्चा के बाद हमने अपनी मांगें पूरी होने तक सफदरजंग अस्पताल से अपना धरना जारी रखने का फैसला किया है। रात्रि कर्फ्यू को ध्यान में रखते हुए हम सफदरजंग लौट आए। हम वहां से अपना विरोध जारी रखेंगे।”


दिल्ली पुलिस के एसीपी पीएस यादव ने कहा, ‘हमने कल किसी भी डॉक्टर के साथ ज़बरदस्ती नहीं की। इनकी अवैध सभा थी, जिस वजह से इन्हें हिरासत में लिया गया था। इन लोगों ने जबरन सड़क ब्लॉक कर दी थी, बाद में सबको छोड़ दिया गया था। हमने डॉक्टरों के खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। आज भी हम इन्हें सफदरजंग से बाहर नहीं जाने देंगे. काफ़ी पुलिस बल है हम इन्हें यहीं कैंपस में रोकेंगे।’

Aaj Ki Khabrenbreaking news todayIndia government newsIndia politics newslatest news Indianational headlinestop news India

Join WhatsApp

Join Now