Prajasatta Side Scroll Menu
दीपावली 2026 बधाई सन्देश
IEC University Bahra University - Shimla Hills

धर्मपुर में माता मनसा देवी मेला 08 से 10 अप्रैल, 2022 तक होगा आयोजित, देवी मां से मिली अनुमति

धर्मपुर में माता मनसा देवी मेला 08 से 10 अप्रैल, 2022 तक होगा आयोजित, देवी मां से मिली अनुमति

धर्मपुर|
सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र में जिला स्तरीय माता मनसा देवी मेला धर्मपुर 8 अप्रैल से 10 अप्रैल तक धूमधाम से मनाया जाएगा। यह जानकारी उपमंडलाधिकारी कसौली डॉ. संजीव कुमार धीमान ने धर्मपुर में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

डॉ. संजीव धीमान ने कहा कि यह मेला पहली बार 03 दिवसीय आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में परंपरा अनुसार माता मनसा देवी की अनुमति ली गई है। बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया।

उपमंडलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जन भावनाओं के अनुरूप इस मेला का दर्जा बढ़ाकर जिला स्तरीय कर दिया था। किन्तु कोविड-19 महामारी के कारण गत दो वर्षों से मेले का आयोजन नहीं किया गया। हालांकि मेले के आयोजन को लेकर देवी मां से अनुमति प्राप्त की जानी थी जिसके लिए शनिवार को देवी मां की तरफ से पुजारी के माध्यम से अनुमति मिल गई।

उन्होंने कहा कि 8 अप्रैल को माता के जागरण के साथ मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। मेले के दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए तथा धर्मपुर क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए 9 अप्रैल को दिन में 02.00 बजे से स्थानीय स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सायंकालीन संध्याओं में स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाएगा।

डॉ. धीमान ने कहा कि 10 अप्रैल, 2022 को माता की पूजा अर्चना के उपरांत भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी दिन दोपहर 02.00 बजे अखाड़ा पूजन के साथ दंगल का आयोजन होगा। दंगल में स्थानीय पहलवानों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों से भी पहलवान को निमंत्रण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला पहलवानों को भी दंगल में भाग लेने के लिए निमन्त्रित किया जाएगा।
डॉ. धीमान ने मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, सहकारी सभा के अध्यक्ष सुंदरम ठाकुर, खंड विकास अधिकारी धर्मपुर सुभाष अत्री, धर्मपुर क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान व उपप्रधान सहित मेला समिति के सदस्य उपस्थित थे।

Aaj Ki KhabrenSolan Himachal newsSolan HP updateSolan latest updateSolan local newsSolan NewsSolan News todaySolan samachar

Join WhatsApp

Join Now