Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Solan News: यूपी से सोलन लाया, गला रेता और 100 मीटर खाई में फेंका, भाई और दोस्त के साथ मिलकर खौफनाक साजिश का मास्टरमाइंड निकला पति!

Solan Crime News: हिमाचल प्रदेश के सोलन में पारिवारिक विवाद के चलते पति ने भाई और दोस्त के साथ मिलकर पत्नी का गला रेता और खाई में फेंका, गंभीर हालत में महिला शिमला रेफर। सोलन पुलिस ने आधे घंटे में दबोचे 3 आरोपी ,
By PNT
Published on: 11 July 2026
Solan News: यूपी से सोलन लाया, गला रेता और 100 मीटर खाई में फेंका, भाई और दोस्त के साथ मिलकर खौफनाक साजिश का मास्टरमाइंड निकला पति!

Solan News: सोलन जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपने सगे भाई और दोस्त के साथ मिलकर अपनी ही पत्नी की हत्या की बेहद खौफनाक साजिश रच डाली। आरोपियों ने पहले महिला के गले पर चाकू से जानलेवा वार किया और फिर उसे करीब 80 से 100 मीटर गहरी खाई में धक्का दे दिया। हालांकि, महिला की जान बच गई और पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।

पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा के अनुसार, पुलिस चौकी सपरून को राजेश नामक एक व्यक्ति से सूचना मिली थी कि कुछ लोगों ने एक महिला को सड़क से नीचे गहरी खाई में फेंक दिया है। इस संवेदनशील जानकारी के मिलते ही पुलिस चौकी सपरून और पुलिस थाना सदर, सोलन की टीमें प्रभारी थाना सदर के नेतृत्व में तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।

इस पूरी वारदात को एक प्रत्यक्षदर्शी ने अपनी आंखों से देखा। बड़ोग निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार शाम करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच जब वह देहुंघाट से अपने गांव गलोग जा रहे थे, तब पंच परमेश्वर मंदिर के समीप उन्होंने सड़क किनारे तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा। कुछ आगे जाने पर उन्हें संदेह हुआ कि युवक युवती का गला दबा रहे हैं।

गंभीर भांपते हुए नरेश कुमार तुरंत अपना वाहन मोड़कर वापस मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि तीनों युवकों ने महिला को सड़क से गहरी खाई में धक्का दे दिया और पैदल ही नगाली की ओर भाग निकले। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को पैराफिट के पास खून के निशान भी मिले हैं, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई।

गहरी खाई में गिरने के बाद झाड़ियों के सहारे महिला की जान बच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस बीच घायल महिला किसी तरह झाड़ियों के सहारे निकलकर बाईपास सड़क तक पहुंच गई थी, जहां मौजूद लोगों ने उसे तुरंत सिविल अस्पताल सोलन पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।

पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि घायल महिला का पति दलीप कुमार ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दलीप ने अपने सगे भाई शिवम और दोस्त मदन कुमार के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोपी महिला को उत्तर प्रदेश से घूमने के बहाने सोलन लाए थे और यहां एक सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नगाली के पास से तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मदन कुमार (निवासी जिला गोंडा, उत्तर प्रदेश), 28 वर्षीय दलीप कुमार और उसके 20 वर्षीय भाई शिवम (दोनों निवासी जिला बहराइच, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तीनों को शनिवार को  गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल से सभी महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए हैं। इसके साथ ही आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का उत्तर प्रदेश पुलिस से सत्यापन कराया जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं, आरोपियों की मंशा और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है।

Crime News HindiHimachal PoliceShimla IGMCSolan CrimeUP News

Join WhatsApp

Join Now