Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

लेडी डॉक्टर पर हमले की कोशिश के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज के बाहर चक्का जाम, सुरक्षाकर्मियों ने ढाल बनकर बचाई जान

चंबा मेडिकल कॉलेज में बीती रात मरीज की मौत के बाद भड़के तीमारदारों ने इमरजेंसी वार्ड में जमकर उत्पात मचाया। ड्यूटी पर तैनात महिला चिकित्सक के साथ अभद्र व्यवहार और सुरक्षाकर्मियों पर हमले के विरोध में आज आउटसोर्स कर्मचारियों ने कॉलेज गेट के बाहर चक्का जाम कर दिया है।
Published on: 9 April 2026
Chamba Medical College Protest

Chamba Medical College Protest: पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा में बुधवार देर रात स्थिति उस समय अत्यंत तनावपूर्ण हो गई, जब एक मरीज की मृत्यु से आक्रोशित तीमारदारों ने अस्पताल परिसर को युद्ध के मैदान में बदल दिया। उत्तेजित परिजनों ने इमरजेंसी वार्ड के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया और वहां तैनात महिला चिकित्सक, डॉ. कृतिका के साथ अभद्र व्यवहार किया।

घटनाक्रम के अनुसार, आरोपियों के हिंसक रुख को देखते हुए महिला डॉक्टर को अपनी जान बचाने के लिए ओटी के भीतर शरण लेनी पड़ी। इस दौरान अस्पताल में तैनात निजी सुरक्षाकर्मी डॉक्टर और भीड़ के बीच दीवार बनकर खड़े हो गए। भीड़ ने सुरक्षाकर्मियों पर लात-घूंसों से हमला किया और परिसर में तोड़फोड़ की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर चिकित्सक को सुरक्षित रखा।

इस हमले के विरोध में गुरुवार को आउटसोर्स कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों के समर्थन में मेडिकल कॉलेज का अन्य स्टाफ भी शामिल हो गया, जिससे बालू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।

घटना कि जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी के अनुसार, इस मामले में चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और अन्य हमलावरों की पहचान की जा रही है। घायल सुरक्षाकर्मियों और पीड़ित डॉक्टर के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फिलहाल, कर्मचारियों का चक्का जाम खबर लिखे जाने तक जारी है।

Aaj Ki Khabrenbreaking news HimachalChamba HP newsChamba NewsChamba News TodayChamba samacharHimachal Pradesh Police

Join WhatsApp

Join Now