Himachal Expo 2026: चम्बा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में तीन दिवसीय विज्ञान, नवाचार और उद्योग प्रदर्शनी ‘आत्मनिर्भर भारत – तीसरी डेस्टिनेशन हिमाचल एक्सपो 2026’ का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। लोकसभा सांसद डॉक्टर राजीव भारद्वाज के मार्गदर्शन में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत’ के संकल्प और ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को जन-जन तक पहुंचाना है।
आविष्कार एग्जिबिशन की ओर से मनी तिवारी ने पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी दी कि यह तीन दिवसीय आयोजन 23 से 25 अक्तूबर तक सुचारू रूप से चल रहा है। इस भव्य आयोजन में केंद्र और विभिन्न राज्यों के कई प्रमुख संस्थान अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन के पूर्ण सहयोग से आयोजित इस एक्सपो में आम जनता, विद्यार्थियों और किसानों के लिए प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। प्रदर्शनी के पहले दिन ही चम्बा शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और जिले के दूरदराज इलाकों से आए किसानों व बागवानों ने भारी संख्या में पहुंचकर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की हैं।

इसरो के स्पेस सूट और वैज्ञानिक मॉडल बने मुख्य आकर्षण
इस राष्ट्रीय प्रदर्शनी में बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और आईआईआरएस लैब की सहभागिता रही है। अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यहां पहली बार स्पेस सूट और अंतरिक्ष कार्यक्रमों से जुड़े उन्नत मॉडलों को प्रदर्शित किया गया है। युवा पीढ़ी इन मॉडलों को देखकर अंतरिक्ष विज्ञान की बारीकियों को नजदीक से समझ रही है।
इसके अलावा, प्रदर्शनी में उत्तरी रेलवे, मध्य प्रदेश सरकार के हस्तशिल्प व सांस्कृतिक पवेलियन, सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर, जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (लखनऊ) तथा पालमपुर साइंस सेंटर द्वारा विभिन्न शोध, खगोल विज्ञान, खनिज और कृषि से जुड़े लाइव प्रदर्शन प्रस्तुत किए जा रहे हैं। इन स्टॉलों पर वैज्ञानिक तकनीक और अनुसंधान के उन्नत पहलुओं को सरल रूप में दिखाया जा रहा है।
स्वयं सहायता समूहों और FPO को मिल रहा सीधा मंच
प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों पर स्थानीय उत्पादों और तकनीकों के प्रदर्शन के साथ-साथ उनकी बिक्री की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इससे हिमाचल प्रदेश के स्वयं सहायता समूहों (SHG) और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के लिए एक बड़ा राष्ट्रीय मंच मिल रहा है। स्थानीय आर्थिकी को मजबूत करने की दिशा में यह कदम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आयोजन के दौरान उत्तर भारत की वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी निधि सिंह, वैज्ञानिक डॉ. सुखविंदर सिंह और मध्य प्रदेश हस्तशिल्प से जुड़े केपी मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। एक्सपो के दूसरे दिन प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता और 25 अक्तूबर को कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहकर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर देश की वैज्ञानिक और आत्मनिर्भर प्रगति से रूबरू हों।



















