Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Kullu Road Accident: वोट डालकर मेले जा रहे लोगों की टाटा सूमो खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौत, 9 घायल

कुल्लू जिले में पीज मार्ग पर बागन के पास एक टाटा सूमो गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। सभी लोग वोट डालने के बाद शिरड़ मेला देखने जा रहे थे। दो घायलों को एम्स बिलासपुर रैफर किया
By PNT
Published on: 28 May 2026
Kullu Road Accident: वोट डालकर मेले जा रहे लोगों की टाटा सूमो खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौत, 9 घायल

Kullu Road Accident News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जिला मुख्यालय के साथ लगते पीज मार्ग पर बागन के समीप सवारियों से भरी एक टाटा सूमो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग पंचायत चुनाव में मतदान करने के बाद शिरड़ मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया।

हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान मैना देवी (37) पत्नी देवी सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, कलावती (40) पत्नी सुरेंदर निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू और काली देवी (35) पत्नी बुद्धि सिंह निवासी गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

वहीं घायलों में जय सिंह (43) पुत्र भरपूर सिंह निवासी गांव शकोर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू, माला देवी (39) पत्नी जय सिंह, अंजू (26) पुत्री रूम सिंह, कमला (35) पत्नी हीरा सिंह, अयांश ठाकुर (6) पुत्र राजेश ठाकुर, तारा ठाकुर (25) पत्नी राजेश ठाकुर, प्रोमिला देवी (35) पत्नी वीर सिंह, चित्रु देवी (37) पत्नी ब्रेसटु राम और सावित्रा (43) पत्नी रूम सिंह शामिल हैं। सभी घायल गांव बेधर, डाकघर भरई, तहसील व जिला कुल्लू के निवासी बताए जा रहे हैं।

घायलों में 6 वर्षीय अयांश ठाकुर और तारा ठाकुर की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को बेहतर उपचार के लिए एम्स बिलासपुर रैफर किया गया है।

एसपी कुल्लू मदन लाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

AIIMS BilaspurHimachal Pradesh NewsKullu AccidentKullu Sumo Crashroad accident

Join WhatsApp

Join Now