Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Chamba Accident: भरमौर मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आई निजी बस, एक की मौके पर मौत, 4 घायल

Chamba News: चंबा-भरमौर मार्ग पर गैहरा के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण निजी बस में सवार एक व्यक्ति की जान चली गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
By PNT
Published on: 5 July 2026
Chamba Accident: भरमौर मार्ग पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आई निजी बस, एक की मौके पर मौत, 4 घायल

Chamba Accident: हिमाचल प्रदेश में मानसून के प्रवेश करते ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित होने लगा है। बरसात शुरू होते ही पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने का सिलसिला तेज हो गया है, जिससे कई दर्दनाक हादसे सामने आ रहे हैं। रविवार सुबह हिमाचल प्रदेश के चंबा-भरमौर मार्ग पर बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक गैहरा के समीप एक निजी बस पर पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिर गए। इस आकस्मिक घटना में बस में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब आठ बजे उस समय हुआ जब बस गैहरा के नजदीक से गुजर रही थी। बस में सवार सभी लोग चौरासी परिसर में गत रात आयोजित ‘शिवा नुआला’ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने घरों को वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में पत्थर गिरकर सीधे बस से टकरा गए।

पत्थरों की चपेट में आने से बस के भीतर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य चार घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हो गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों और घटना के समय की अन्य परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।

चंबा के पुलिस अधीक्षक  विजय सकलानी ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर पूरी मुस्तैदी से मामले की जांच में जुटी हुई है। इसके साथ ही मृतक और घायल व्यक्तियों की पहचान स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है और हादसे से संबंधित अन्य आवश्यक तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।

बता दें कि बीते दिनों लाहौल-स्पीति की खूबसूरत लेकिन दुर्गम मयाड़ घाटी में गुरुवार सुबह भी एक ऐसा ही हादसा पेश आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। यहाँ हिमाचल पथ परिवहन निगम के केलांग डिपो के एक परिचालक, ज्ञान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अचानक पहाड़ी से गिरा एक बड़ा पत्थर उनके सिर पर आ लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं मंडी जिले में औट के पास शनि मंदिर के समीप भी ऐसा ही हादसा हुआ। यहाँ पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर नीचे आ गिरा, इस हादसे में सोलन जिले के नालागढ़ की रहने वाली 38 वर्षीय सुखवीर कौर की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतका सुखवीर कौर अपने पति जसविंदर सिंह और बच्चे के साथ कार में सवार होकर नालागढ़ से मणिकर्ण की ओर जा रही थीं, तभी सफर के दौरान अचानक सुखवीर कौर की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद वह उल्टी करने के लिए कार से नीचे उतरी थीं। इसी दौरान पहाड़ी से दबे पांव आई मौत ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उन्हें लहूलुहान हालत में पास के नगवाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Chamba Bharmour HighwayChamba Bus AccidentChamba PoliceHimachal Newshimachal road accident

Join WhatsApp

Join Now