MG Hector Tomahawk PHEV: नॉर्मल हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड देखने में भले एक जैसी तकनीक लगें, लेकिन इनके काम करने का तरीका काफी अलग है। भारत में हाइब्रिड कारें अब नई नहीं हैं, लेकिन प्लग-इन हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल यानी PHEV की तकनीक अभी भी बहुत से ग्राहकों के लिए नई है। सामान्य हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड दोनों में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी मिलती है, लेकिन दोनों की बैटरी को चार्ज करने और गाड़ी चलाने का तरीका अलग होता है।
MG Hector Tomahawk PHEV इसी फर्क को समझने का एक बेहतरीन उदाहरण है। कंपनी इसे भारत की पहली प्लग-इन हाइब्रिड EV के तौर पर पेश कर रही है। कंपनी का दावा है कि पूरी तरह चार्ज बैटरी और फुल पेट्रोल टैंक के साथ यह SUV 1,100 किलोमीटर से ज्यादा की कुल रेंज दे सकती है।

नॉर्मल हाइब्रिड और प्लग-इन हाइब्रिड का अंतर
नॉर्मल हाइब्रिड या स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड कार में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी होती है, लेकिन इसकी बैटरी को बाहर से चार्जर लगाकर चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती। गाड़ी चलते समय पेट्रोल इंजन और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम बैटरी को चार्ज करने में मदद करते हैं। ब्रेक लगाने या गाड़ी की रफ्तार कम करने के दौरान पैदा होने वाली ऊर्जा को दोबारा बैटरी में जमा किया जाता है। कम रफ्तार या कुछ खास परिस्थितियों में कार इलेक्ट्रिक मोटर की मदद से चलती है, जबकि ज्यादा पावर की जरूरत होने पर पेट्रोल इंजन काम संभाल लेता है। इसका मुख्य मकसद पेट्रोल की खपत कम करना और बेहतर माइलेज हासिल करना होता है।
इसके विपरीत, MG Hector Tomahawk PHEV में 20.5 kWh की बैटरी दी गई है, जिसे बाहर से चार्ज किया जा सकता है। ब्रॉशर के मुताबिक यह केवल बैटरी की ताकत पर 115 किलोमीटर से ज्यादा चल सकती है। इसमें 52 लीटर का पेट्रोल टैंक भी मिलता है। Tomahawk को चार्ज करके रोजाना के छोटे सफर सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में किए जा सकते हैं, जबकि लंबी यात्रा में पेट्रोल इंजन बैकअप प्रदान करता है। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि इन रेंज आंकड़ों का अंतिम सर्टिफिकेशन अभी बाकी है और असली रेंज ड्राइविंग स्टाइल, ट्रैफिक, रफ्तार तथा वजन पर निर्भर करेगी।
चार्जिंग क्षमता और छह ऑपरेटिंग मोड
Tomahawk में CCS2 चार्जिंग कनेक्टर दिया गया है और यह अधिकतम 25 kW DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है, जिससे 30 से 80 प्रतिशत तक बैटरी चार्ज होने में करीब 35 मिनट लगते हैं। 3.3 kW AC चार्जिंग से 10 से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब 7.5 घंटे का समय लगता है। Exclusive और Essence दोनों वेरिएंट के लिए 3.3 kW AC पोर्टेबल चार्जिंग केबल और 3.3 kW AC होम चार्जिंग बॉक्स फीचर लिस्ट में शामिल हैं।
यह SUV छह अलग ऑपरेटिंग मोड में काम करती है:
- Pure EV Mode: बैटरी सीधे इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देती है।
- Series Hybrid Mode: मोटर गाड़ी चलाती है और पेट्रोल इंजन बिजली पैदा करता है।
- Parallel Hybrid Boost Mode: ज्यादा पावर के लिए इंजन और मोटर दोनों साथ काम करते हैं।
- Regeneration Mode: रफ्तार कम होने या ढलान पर ऊर्जा बैटरी में वापस जाती है।
- Pure Engine Mode: पेट्रोल इंजन सीधे गाड़ी चलाता है।
- Engine Drive + Charge Mode: इंजन पहियों को चलाने के साथ बैटरी को भी चार्ज करता है।
इंजन क्षमता, पावर और टेस्टिंग
इस SUV में 1.5 लीटर Atkinson Cycle पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 75 kW की अधिकतम पावर और 125 Nm टॉर्क देता है। इसके साथ Permanent Magnet Synchronous Motor लगी है, जो 148 kW की अधिकतम पावर और 237 Nm टॉर्क जनरेट करती है। कार में Dedicated Hybrid Transmission दिया गया है। कंपनी Dedicated Hybrid Engine के लिए 43.2 प्रतिशत थर्मल एफिशिएंसी और Dedicated Hybrid Transmission के लिए 98.8 प्रतिशत एफिशिएंसी का दावा करती है। बैटरी को 2,000 से ज्यादा बेंच टेस्ट और 490 से ज्यादा व्हीकल लेवल टेस्ट से गुजारा गया है।
कीमत, BaaS विकल्प और वारंटी
MG Hector Tomahawk PHEV दो 7-सीटर वेरिएंट में उपलब्ध है। Exclusive की एक्स-शोरूम कीमत 25.69 लाख रुपये और Essence की 27.79 लाख रुपये है। Battery-as-a-Service (BaaS) के तहत Exclusive की शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये और Essence की 23.89 लाख रुपये है, जिसके ऊपर 3.2 रुपये प्रति किलोमीटर बैटरी किराया देना होगा। यदि कोई ग्राहक महीने में 1,000 किलोमीटर गाड़ी चलाता है तो बैटरी किराया करीब 3,200 रुपये और 1,500 किलोमीटर चलाने पर करीब 4,800 रुपये बनेगा (इसमें चार्जिंग बिजली का खर्च शामिल नहीं है)।
कंपनी पहले निजी मालिक के लिए हाई-वोल्टेज बैटरी पर लाइफटाइम वारंटी दे रही है। ownership बदलने या कमर्शियल रजिस्ट्रेशन पर वारंटी 8 साल या 1.60 लाख किलोमीटर (जो पहले पूरा हो) हो जाएगी। इसके अलावा 3 साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी और 3 साल की रोडसाइड असिस्टेंस भी मिलती है।
टेक्नोलॉजी और सेफ्टी फीचर्स
Tomahawk के टॉप वेरिएंट में 15.6 इंच की Grand View टचस्क्रीन, Gen AI आधारित वॉयस असिस्टेंट, Karaoke के साथ 8,000 से ज्यादा गाने, 80 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स और 30 से ज्यादा हिंग्लिश वॉयस कमांड दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए सभी वेरिएंट में छह एयरबैग स्टैंडर्ड हैं। इसके अलावा ESP, TCS, हिल होल्ड कंट्रोल, ABS के साथ EBD, ब्रेक असिस्ट, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और TPMS जैसे फीचर्स शामिल हैं। Essence वेरिएंट में Level-2 ADAS पैकेज भी मिलता है।
किसके लिए कौन सा विकल्प बेहतर?
यदि ग्राहक के पास नियमित चार्जिंग की सुविधा नहीं है और प्राथमिकता सिर्फ बेहतर माइलेज है, तो नॉर्मल हाइब्रिड ज्यादा आसान विकल्प है। वहीं, जिन ग्राहकों के पास चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है और वे रोजाना के सफर इलेक्ट्रिक मोड में करना चाहते हैं, उनके लिए प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) एक व्यावहारिक विकल्प साबित हो सकती है।


















