Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Bilaspur Murder: भाई-भाभी ने पत्थर मारकर युवक को उतारा मौत के घाट, साक्ष्य मिटाने के लिए झील में फेंकी लाश

Bilaspur Crime News Today: बिलासपुर जिले के समलेटू गांव में पारिवारिक विवाद के बाद बड़े भाई और भाभी ने पत्थर मारकर युवक की हत्या की और शव को झील में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
Chamba Murder Case: Hamirpur Murder, Solan News, Bilaspur Murder

Bilaspur Murder: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के अंतर्गत आने वाले समलेटू गांव की है। यहां आपसी विवाद के कारण बड़े भाई और भाभी ने मिलकर अपने ही छोटे भाई के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को पास ही स्थित झील में फेंक दिया गया।

मृतक की पहचान मदन लाल के रूप में हुई है। शुरुआत में मृतक के एक अन्य भाई रोशन लाल ने झंडूता पुलिस थाने में मदन लाल की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस मामला दर्ज कर युवक की तलाश कर रही थी। हालांकि, 15 सितंबर को इस मामले में उस समय एक अहम और नया मोड़ आया, जब शिकायतकर्ता रोशन लाल ने झंडूता पुलिस स्टेशन पहुंचकर 11 सितंबर की रात हुई पूरी घटना और खूनी संघर्ष की विस्तृत जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर की रात को मदन लाल का अपने बड़े भाई बिशन दास (उम्र 45 वर्ष) और भाभी रानो देवी (उम्र 38 वर्ष) के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी काफी बढ़ गई। इसके बाद आक्रोश में आकर बिशन दास और रानो देवी ने मदन लाल के सिर पर भारी पत्थर से जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण मदन लाल लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों आरोपितों ने मिलकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और मदन लाल के शव को पास की झील में ले जाकर फेंक दिया, ताकि किसी को इस हत्याकांड की भनक न लग सके। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा दिए गए बयानों और साक्ष्यों के आधार पर झंडूता पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी दंपती बिशन दास और रानो देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस हिरासत में कड़ी पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जांच में आरोपितों ने स्वीकार किया कि मदन लाल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसके बाद वे शव को घसीटकर चांगरू नामक स्थान पर ले गए और झील में फेंक दिया। बुधवार को घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। झील में मदन लाल के शव को बरामद करने के लिए गोताखोरों की मदद से सघन खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने की है।

Bilaspur MurderBilaspur NewsCrime News TodayHimachal CrimeHimachal Police

Join WhatsApp

Join Now