SBI Credit Card: एसबीआई कार्ड ने त्योहारी सीजन से पहले अपने ग्राहकों के लिए YONO ऐप पर डिजिटल क्रेडिट कार्ड आवेदन की सुविधा शुरू की है। यह सुविधा खास तौर पर SBI के उन ग्राहकों के लिए है, जिनके पास बैंक में Fixed Deposit है। कंपनी के मुताबिक, पात्र ग्राहक पूरी तरह पेपरलेस प्रक्रिया के जरिए करीब 10 मिनट में सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
बता दें कि देश के सबसे बड़े बैंक द्वारा शुरू की गई यह सेवा त्योहारी सीजन में ग्राहकों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है। त्योहारों के दौरान खरीदारी और खर्चों में होने वाली बढ़ोतरी को देखते हुए सेक्योर्ड क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को त्वरित लिक्विडिटी प्रदान करेगा। दूसरी ओर, एफडी कोलैटरल के रूप में होने के कारण यह व्यवस्था एसबीआई कार्ड के लिए भी जोखिम-मुक्त और पूरी तरह सुरक्षित मानी जा रही है।
चार क्रेडिट कार्ड वेरिएंट उपलब्ध
उल्लेखनीय है कि SBI Card ने 23 सितंबर को इस डिजिटल सुविधा की घोषणा की। इसके तहत FD रखने वाले ग्राहकों को चार तरह के सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के विकल्प मिलेंगे। इनमें SBI Card ELITE, SBI Card PRIME, SimplyCLICK SBI Card और SimplySAVE SBI Card शामिल हैं। इन कार्ड्स के लिए ग्राहक की SBI में मौजूद Fixed Deposit कोलैटरल के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। यानी यह सुविधा सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड की श्रेणी में आती है।
YONO App से कैसे करें आवेदन?
SBI के पात्र ग्राहक YONO ऐप के जरिए क्रेडिट कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पूरी प्रक्रिया डिजिटल और पेपरलेस रखी गई है। आवेदन के दौरान बैंक ग्राहक की पात्रता और उपलब्ध FD के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी करेगा।
आवेदन का सामान्य तरीका:
- SBI YONO App में लॉगिन करें।
- Credit Card सेक्शन में जाएं।
- सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के उपलब्ध विकल्प देखें।
- अपनी पसंद का कार्ड चुनकर आवेदन शुरू करें।
- मांगी गई जानकारी और आवश्यक सहमति पूरी करें।
- SBI में मौजूद FD को सिक्योरिटी के तौर पर लिंक करें।
- डिजिटल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन को प्रोसेस किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, इस सुविधा का उद्देश्य ग्राहकों के लिए क्रेडिट कार्ड आवेदन की प्रक्रिया को तेज और आसान बनाना है। यह कदम बैंक के विशाल ग्राहक आधार के लिए डिजिटल अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया है।
10 मिनट में कार्ड मिलने का दावा, लेकिन कुछ जानकारी अभी बाकी
मीडिया रिपोर्ट के के मुताबिक SBI Card की मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO सलिला पांडे के अनुसार, नई सुविधा के जरिए ग्राहक 100 फीसदी पेपरलेस डिजिटल जर्नी से सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।हालांकि, कंपनी ने अभी इन चारों कार्ड वेरिएंट के रिवॉर्ड्स, बेनिफिट्स और सभी चार्जेज की विस्तृत जानकारी इस नई सुविधा के संदर्भ में स्पष्ट नहीं की है। इसी तरह, सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड के लिए न्यूनतम कितनी FD जरूरी होगी, इसकी जानकारी भी सामने नहीं आई है।
Joining Fee और Annual Fee की जानकारी का इंतजार
ग्राहकों के लिए एक अहम सवाल ज्वाइनिंग फीस और एनुअल फीस को लेकर भी है। SBI Card ने इस नई डिजिटल सुविधा की घोषणा के समय इन शुल्कों की पूरी जानकारी साझा नहीं की है। इसलिए आवेदन करने से पहले YONO ऐप पर संबंधित कार्ड की मौजूदा फीस, शर्तें और पात्रता जरूर जांचना जरूरी होगा। त्योहारी सीजन में दशहरा और दिवाली के दौरान खरीदारी बढ़ने के बीच SBI की यह सुविधा FD रखने वाले ग्राहकों के लिए क्रेडिट कार्ड लेने का एक डिजिटल विकल्प उपलब्ध कराती है।


















