Baddi Murder Case: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला अंतर्गत बद्दी क्षेत्र के धखनुमाजरा गांव में आठ वर्षीय मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की मां को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार की गई आरोपी महिला की पहचान पूनम के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की तहसील आंवला, डाकघर महमूदपुर के नंदगांव गांव की मूल निवासी है। घटना की सूचना मिलने के बाद डीएसपी बद्दी ने स्वयं मौके का मुआयना किया और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को जांच के निर्देश दिए।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने क्राइम सीन का बारीकी से निरीक्षण किया तथा महत्वपूर्ण वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। निरीक्षण के दौरान डीएसपी ने मौके पर मौजूद जांच अधिकारियों और पुलिस बल को केस की दिशा एवं साक्ष्य संकलन के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए, ताकि मामले की हर कड़ी को मजबूती से जोड़ा जा सके।
बद्दी के पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि बद्दी पुलिस स्टेशन में आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि इस खौफनाक वारदात के पीछे की मुख्य वजह का पता लगाया जा सके।
एसपी विनोद धीमान ने आगे जानकारी दी कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार, 13 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर में करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बच्ची की मौत के सटीक समय और कारणों से पर्दा उठने की उम्मीद है। पुलिस इस पूरी घटना को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ देख रही है।
बद्दी पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता और निष्पक्षता से जांच की जा रही है। मासूम की हत्या क्यों और किन परिस्थितियों में की गई, इसका खुलासा करने के लिए नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद अदालत के समक्ष आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए साक्ष्य प्रस्तुत किए जाएंगे।



















