Royal Enfield Classic 650 Special Edition: रॉयल एनफील्ड ने भारतीय और वैश्विक दोपहिया बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करते हुए लोकप्रिय क्लासिक 650 का एक नया स्पेशल एडिशन पेश किया है। कंपनी ने इस मॉडल को ‘Royal Enfield 125th Anniversary Edition Hypershift Classic 650’ नाम दिया है। इस मोटरसाइकिल की सबसे बड़ी खासियत इसका विशेष पेंटवर्क और सीमित उत्पादन है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने जानकारी दी है कि हर प्रमुख वैश्विक रीजन के लिए इस खास एडिशन की केवल 125 यूनिट्स ही तैयार की जाएंगी, जिसके चलते इसे खरीदने का अवसर सीमित ग्राहकों को ही मिल सकेगा। कीमत और बुकिंग समय-सारणी की बात करें तो रॉयल एनफील्ड ने इस 125वें एनिवर्सरी एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 4,25,589 रुपये तय की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक कंपनी ने 16 अक्टूबर 2026 से इस प्रीमियम बाइक के लिए आधिकारिक रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कर दी है। जो ग्राहक इसे खरीदना चाहते हैं, वे 28 अक्टूबर तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जिसके बाद इसकी बिक्री औपचारिक रूप से शुरू होगी। कंपनी द्वारा इस बाइक की डिलीवरी नवंबर 2026 से शुरू करने की योजना बनाई गई है।
रोशनी पड़ते ही बदलेगा बाइक का रंग
रॉयल एनफील्ड की ये प्रीमियम बाइक डिजाइन और एक्सटीरियर फिनिश के मामले में यह मॉडल बेहद खास नजर आती है। बाइक में इस्तेमाल की गई बेस्पोक हाइपरशिफ्ट फिनिश इसकी मुख्य विशेषता है। इस तकनीक के कारण जैसे ही बाइक पर रोशनी पड़ती है, इसका रंग लाल, हरा और गोल्ड में बदलता हुआ दिखाई देता है।
रॉयल एनफील्ड ने इसके निर्माण में साल 1901 की अपनी शुरुआती मोटरसाइकिलों से प्रेरणा लेते हुए ब्रास बेस का इस्तेमाल किया है। यह विशेष फिनिश फ्यूल टैंक, साइड पैनल्स, मडगार्ड और हेडलैम्प पर स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। इसके साथ ही, ब्लैक इंजन और एग्जॉस्ट कंपोनेंट्स इसके ओवरऑल लुक को एक मजबूत कंट्रास्ट प्रदान करते हैं।
जानिए प्रीमियम बाइक के डिजाइन और फीचर्स में क्या है खास?
बाइक के समग्र डिजाइन और फीचर्स पर नजर डालें तो इसमें क्लासिक 650 का सिग्नेचर टीयरड्रॉप स्टाइल फ्यूल टैंक, राउंड बॉडीवर्क और नेसेल माउंटेड हेडलाइट दी गई है। रेट्रो लुक को पूरा करने के लिए इसमें विंटेज स्टाइल की ब्राउन लेदर राइडर सीट दी गई है।
आधुनिक सुविधाओं के रूप में बाइक में एलईडी हेडलाइट, एलईडी टेललैम्प और एक यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग पोर्ट शामिल किया गया है। वहीं टर्न इंडिकेटर्स में पारंपरिक बल्ब का इस्तेमाल हुआ है। इसके अलावा स्पोक व्हील्स, राउंड मिरर्स और ब्लैक फिनिश वाले ट्विन एग्जॉस्ट इसके हेरिटेज लुक को बरकरार रखते हैं।
दमदार है बाइक का इंजन?
रॉयल एनफील्ड की इस प्रीमियम बाइक के इंजन क्षमता और मैकेनिकल स्पेसिफिकेशन्स में कंपनी ने क्लासिक 650 के मूल प्लेटफॉर्म में कोई बदलाव नहीं किया है। इसमें वही भरोसेमंद 647.95 सीसी का फ्यूल इंजेक्टेड, ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है।
यह इंजन 34.6 kW की अधिकतम पावर और 52.3 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ वेट मल्टी-प्लेट क्लच दिया गया है। 650 ट्विन प्लेटफॉर्म पर आधारित इस स्पेशल एडिशन और नियमित क्लासिक 650 के बीच मुख्य अंतर इसका रंग बदलने वाला विशेष पेंटवर्क और हैंडक्राफ्टेड डिटेलिंग ही है।
बता दें कि कंपनी ने इस एडिशन में 650 ट्विन प्लेटफॉर्म को बरकरार रखा है। यानी सामान्य क्लासिक 650 के मुकाबले सबसे बड़ा अंतर इसके खास पेंटवर्क और हैंडक्राफ्टेड डिटेलिंग में देखने को मिलता है। कंपनी ने हर प्रमुख ग्लोबल रीजन के लिए इसकी सिर्फ 125 यूनिट्स पेश की हैं। यानी इस खास एडिशन को खरीदने का मौका बहुत कम लोगों को मिलेगा।




















