Kasauli Fake Army Officer Arrested: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में कसौली थाना पुलिस ने सेना का अधिकारी बनकर घूम रहे एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक सेना की वर्दी में इलाके में घूमता रहता है और कई जगह सेना के लिकर कार्ड का भी इस्तेमाल करता है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी न तो किसी रक्षा संस्थान में कार्यरत है और न ही भारतीय सेना में है। वह स्थानीय स्तर पर एक निजी होटल में शेफ का काम करता है। वह कसौली के समीप सुनारडी गांव में किराये के मकान में रह रहा था। कसौली छावनी क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने सुनारडी में दबिश देकर उसे घेराबंदी कर हिरासत में लिया।

जेब से मिला फर्जी लिकर कार्ड
पूछताछ में आरोपी की पहचान अर्पण कटोच के रूप में हुई, जो बैजनाथ उपमंडल के गांव टिकरी का मूल निवासी है। कसौली में उसकी मौजूदगी और पहचान को लेकर पूछे गए सवालों का वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
तलाशी में उसकी जेब से भारतीय सेना का लिकर कार्ड बरामद हुआ, जिस पर सेना की वर्दी में उसकी तस्वीर और नाम छपा था। कार्ड की प्रामाणिकता और उसके जारी होने से जुड़े दस्तावेज मांगने पर वह कोई वैध कागजात या अनुमति पत्र पेश नहीं कर पाया।
बीएनएस की धारा 168 में मामला दर्ज
फर्जी पहचान पत्र बरामद होने के बाद कसौली थाना में अर्पण कटोच के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 168 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच आगे बढ़ने पर नए तथ्य सामने आने की स्थिति में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
कार्ड और वर्दी के स्रोत की जांच
पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि एक होटल शेफ के पास सेना का लिकर कार्ड और सैन्य वर्दी में तस्वीर कैसे आई, और उसने यह फर्जी कार्ड कहां से और किसके माध्यम से बनवाया। साथ ही, संवेदनशील छावनी क्षेत्र के आसपास लगातार सक्रिय रहने के पीछे उसकी असली मंशा क्या थी, इस पर भी पूछताछ जारी है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि इस फर्जीवाड़े में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं।
परवाणू के पुलिस उपाधीक्षक अनिल शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि फर्जी पहचान पत्र और सैन्य सामग्री के स्रोत का पता लगाया जा रहा है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















