Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

सावरकर का मामला गरमाया, पोते रणजीत ने राहुल गांधी को दी चुनौती, बोले- ‘माफीनामे का कोई दस्तावेज दिखाएं’

Ranjit Savarkar

VD Savarkar Politics: विनायक दामोदर सारवकर (वीर सावरकर) के खिलाफ बयान देने के बाद राहुल गांधी का विरोध तेज हो गया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोगी उद्धव ठाकरे ने आपत्ति जताई है। अब वीर सावरकर के पोते रणजीत सावरकर ने राहुल गांधी को चैलेंज कर दिया है।

Kullu Dussehra 2026 Celebration

रणजीत सावरकर ने कहा, ‘राहुल गांधी कह रहे हैं वे गांधी हैं, सावरकर नहीं। इसलिए वे माफी नहीं मांगेंगे। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे ऐसा कोई दस्तावेज दिखाएं, जिससे प्रमाणित हो कि सावरकर ने माफी मांगी थी। इसके उलट वे खुद दो बार सुप्रीम कोर्ट से माफी मांग चुके हैं।’

आगे उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी जो कुछ भी कर रहे हैं, वह बचकाना है। राजनीति के लिए देशभक्तों के नाम का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। ये निंदनीय है।’

भाजपा सांसदों ने संसद में किया प्रदर्शन

भाजपा और शिवसेना सांसद सोमवार को सांसद में सावरकर के मुद्दे पर एकजुट होकर प्रदर्शन करते हुए। उनके हाथों में वीर सावरकर के फोटो थे। सभी ने राहुल के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए माफी मांगने की मांग की।

उद्धव गुट ने कहा- अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

सावरकर के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे राहुल गांधी के खिलाफ खुलकर विरोध में आ गए हैं। सोमवार की शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने आवास पर समाचार विचारधारा वाले दलों को डिनर पर बुलाया है। उद्धव ठाकरे गुट ने इस डिनर पार्टी में जाने से मना कर दिया है।

सांसद संजय राउत ने कहा, ‘वीर सावरकर हमारे और देश के लिए श्रद्धा का विषय हैं। अंदमान में 14 साल तक काला पानी की सजा आसान नहीं है। ऐसी टिप्पणी पर महाराष्ट्र की जनता करारा जवाब दे सकती है। हम आपके साथ हैं लेकिन वीर सावरकर हमारे प्रेरणास्रोत हैं।’

भाजपा ने राहुल गांधी को घेरा, जानें क्या-क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, ‘राहुल गांधी को 7 जन्म लेना पड़ेगा तब वीर सावरकर को जान पाएंगे। सावरकर ने अपनी पूरी जिंदगी सेलुलर जेल में काटी, क्या वे कभी सेलुलर जेल गए हैं? राहुल गांधी एक बार सेलुलर जेल जा के देखें तब उन्हें पता चलेगा कि सावरकर क्या है?

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘राहुल गांधी ने अप्रासंगिक तरीके से वीर सावरकर का नाम लेकर उनका अपमान किया और कई लोगों की भावनाओं को आहत किया। अगर सावरकर को जानना है तो एक बार अंदमान की जेल में 5 मिनट के लिए मौन बैठिए, वहां की दीवारें आज भी सावरकर के संघर्ष की साक्षी हैं।’

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘राहुल गांधी सावरकर कभी नहीं हो सकते। सावरकर जी कभी 6 महीने विदेश घुमने नहीं जाते थे। हर सत्र के बाद उन्हें छुट्टी नहीं चाहिए होती थी, वे आज़ादी के लिए समर्पित थे। वीर सावरकर का तो अपना किया ही लेकिन नेहरू जी और इंदिरा गांधी का ही सम्मान बचा लेते।’

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘स्वतंत्र वीर सावकर जी का बार-बार जो अपमान राहुल गांधी कर रहे हैं, इसकी जितनी निंदा की जाए वो कम है। स्वतंत्र वीर सावरकर का देश की आजादी के लिए जो योगदान है, ये सभी को पता है। उनका बार-बार अपमान करने का काम राहुल गांधी कर रहे हैं।’

कवि मनोज मुंतशिर ने कहा- एक बार काला पानी जाओ

राहुल गांधी पर कवि मनोज मुंतशिर ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘जब तक अनावश्यक रूप से सावरकर का नाम नहीं लिया गया, मैं इस विषय पर चुप रहा। लेकिन अब कहना पड़ेगा कि युवराज एक बार देशप्रेम के लिए काला पानी जाओ। कोल्हू में बैल की तरह जुतो। दो कटोरे पानी में पूरा दिन गुजारो। जेल की दीवारों पर मां भारती की स्तुति में 6 हजार कविताएं लिखो, तब तुम्हें सावरकर का पता चलेगा।’

चार पॉइंट में जानें पूरा घटनाक्रम

23 मार्च: राहुल गांधी को मोदी सरनेम वाली टिप्पणी पर मानहानि केस में सूरत कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई।

24 मार्च: लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी। चार बार के सांसद राहुल पूर्व सांसद कर दिए गए।

25 मार्च: राहुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि वे राहुल गांधी हैं, सावरकर नहीं जो माफी मांग लें। लड़ाई लड़ता रहूंगा।

26 मार्च: कांग्रेस ने राहुल गांधी को अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ दिल्ली में राजघाट पर सत्याग्रह आंदोलन किया।

यह भी पढ़ें: 

Aaj Ki Khabrenbreaking news todayIndia government newsIndia politics newslatest news Indianational headlinestop news India

Join WhatsApp

Join Now