Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

ABVP ने अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक का किया घेराव,पीजी परीक्षाओं के परिणाम जल्द घोषित करने की उठाई मांग

ABVP ने अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक का किया घेराव,पीजी परीक्षाओं के परिणाम जल्द घोषित करने की उठाई मांग

शिमला|
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा शुक्रवार दोपहर को वि.वि के प्रशासनिक भवन के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया। विद्यार्थी परिषद ने इस धरने प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन से पीजी परीक्षाओं के लंबित पड़े परिणामों को जल्द घोषित करने एवं ईआरपी सिस्टम को सुदृढ़ करने की मांग उठाई।

कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए इकाई सचिव कमलेश ने कहा कि पीजी परीक्षाओं को हुए 5 महीने बीत गए लेकिन अभी तक उनका रिजल्ट घोषित नहीं किया। बहुत से छात्र विश्वविद्यालय की लेट लतिफी के कारण अन्य कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बात करें ईआरपी सिस्टम की तो विश्वविद्यालय प्रशासन ने जब इस प्रणाली को अपनाया था उस समय पूरे प्रदेश भर में इसके लिए वाहवाही लूटी थी। उस समय विश्वविद्यालय प्रशासन ने दावे किए थे कि अब छात्रों को घर बैठे सुविधा मिलेगी।

Kullu Dussehra 2026 Celebration

छात्र अपने माइग्रेशन, रजिस्ट्रेशन, फीस, परीक्षा फॉर्म, परीक्षा परिणाम सम्बंधित काम ऑनलाइन माध्यम से आसानी से करवा सकते हैं। उस समय विद्यार्थी परिषद ने इस प्रक्रिया को अपनाने के विश्वविद्यालय प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत किया था। लेकिन धीरे धीरे जैसे वक़्त बीतता गया, विश्वविद्यालय प्रशासन के इन खोखले दावों की पोल खुलती गई। विश्वविद्यालय की ई.आर.पी. प्रणाली में गड़बड़ियों का स्तर बढ़ता ही जा रहा है।

कमलेश ने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से प्रशासन को ई.आर.पी. की खामियों को लेकर सचेत करने का काम कर रही है। विद्यार्थी परिषद के बार-बार ई.आर.पी. की खामियों को दूर करने की मांग उठाने के बावजूद खामियों का स्तर बढ़ा है। कमलेश ने कहा कि जल्द से जल्द इन खामियों को वि.वि प्रशासन दूर करे नहीं तो आने वाले समय में परिषद और उग्र आंदोलन करेगी जिसके लिए प्रशासन खुद जिम्मेवार होगा।

इसके उपरांत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई द्वारा शुक्रवार दोपहर अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया। विद्यार्थी परिषद ने इस दौरान मांग उठाई की लंबित पड़े परीक्षा परिणामों को वि.वि प्रशासन जल्द घोषित करे।

इकाई सचिव कमलेश ठाकुर की अगुवाई में दोपहर 1 बजे सभी कार्यकर्त्ता अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पीजी परीक्षाओं के महीनों से लंबित पड़े परिणामों को निकालने को लेकर अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक को घेरा। कमलेश ने कहा कि पीजी परीक्षाओं को हुए लगभग 5 महीने बीत चुके हैं लेकिन उनके अभी तक परिणाम जारी नहीं हुए हैं। वि.वि प्रशासन ने पीजी परीक्षाओं की डेट शीट जारी कर दी है लेकिन पिछले परिणाम अभी तक घोषित नहीं किए हैं जो कि विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। बहुत से छात्रों ने पीएचडी के लिए अन्य विश्वविद्यालयों में अप्लाई किया हुआ है लेकिन उनका पिछला परिणाम अभी तक प्रशासन ने घोषित नहीं किया है जिसके कारण वो छात्र पीएचडी में प्रवेश लेने से वंचित रह रहे हैं।

कमलेश ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के निक्कमेपन का खामियाज़ा आम छात्रों को भुगतना पड़ रहा है जो कि छात्रों के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं करेगी। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आने वाले सोमवार तक लंबित पड़े परिणामों को घोषित नहीं किया तो उसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों को प्रशासनिक ब्लॉक में घुसने नहीं दिया जाएगा जिसके लिए प्रशासन स्वंय जिम्मेवार रहेगा।

कमलेश ने कहा कि विद्यार्थी परिषद आशा करती है कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द उनकी इन मांगों को पूरा करेगा। साथ ही साथ उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए भी कहा कि अगर जल्द से जल्द इस मांग को पूरा नहीं किया गया तो आने वाले समय में प्रशासन को घोर विरोध का सामना करना पड़ेगा जिसके लिए प्रशासन स्वंय जिम्मेदार होगा।

Aaj Ki KhabrenShimla HP newsShimla latest updateShimla Local NewsShimla NewsShimla News TodayShimla tourism newsShimla Weather Update

Join WhatsApp

Join Now