Kala Amb Road Accident: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बेकाबू ट्रक ने करीब एक किलोमीटर के अंतराल में दो पैदल यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में दोनों व्यक्तियों की जान चली गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार होकर हरियाणा सीमा में दाखिल हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान सुरदीप कुमार (38) पुत्र राम ईश्वर, निवासी गांव सांडा डम्बर, डाकघर मोतीपुर अंचल, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) तथा ज्ञान सिंह (44) पुत्र बलदीव सिंह, निवासी गांव सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। सुरदीप कुमार वर्तमान में कालाअंब क्षेत्र में ही निवास कर रहे थे।
घटनाक्रम के मुताबिक, शनिवार देर रात ट्रक संख्या HR 58B-0167 खैरी दिशा से कालाअंब की ओर आ रहा था। इसी दौरान रुचिरा पेपर मिल के समीप ट्रक ने सुरदीप कुमार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस प्रथम हादसे के बाद भी चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की। लगभग एक किलोमीटर आगे बढ़ते ही सब्जी मंडी के पास वही ट्रक दूसरे व्यक्ति ज्ञान सिंह पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कांगड़ा निवासी ज्ञान सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत हिमाचल प्रदेश की सीमा पार कर हरियाणा की तरफ भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही एक्शन में आई कालाअंब पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हरियाणा पुलिस से संपर्क साधा। दोनों राज्यों की पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत दुर्घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर असगरपुर क्षेत्र से आरोपी चालक को ट्रक सहित हिरासत में ले लिया गया।
घटना के दौरान ट्रक की चपेट में आने से कुछ अन्य वाहनों के भी क्षतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। पुलिस प्रशासन ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार ट्रक चालक का मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी कि दुर्घटना के समय चालक शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी।
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने दुर्घटना में दो लोगों की मौत होने की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे घायल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा। कालाअंब थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।


















