Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली का पावन पर्व मातम में तब्दील हो गया। खुशियों के इस पर्व पर मामूली सी कहासुनी ने ऐसा खौफनाक रूप लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। ऊना जिले से महज 10 किलोमीटर दूर स्थित बदोली गांव में पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक पड़ोसी ने कथित तौर पर अपनी थार गाड़ी से पति-पत्नी को कुचल दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और लोगों में भारी रोष है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात बदोली गांव में एक परिवार अपने घर के बाहर बड़े ही उत्साह के साथ पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी ने वहां आकर पटाखे चलाने पर आपत्ति जताई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आपा खो चुके पड़ोसी ने अपनी थार गाड़ी से पटाखे चला रहे परिवार के सदस्यों को कुचलने का सनसनीखेज कदम उठाया। इस हमले में पति और पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बेहद गंभीर हालत में ऊना के जोनल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद पति-पत्नी दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचते ही दोनों की मौत की खबर से कोहराम मच गया। शुरुआती जानकारियों के अनुसार बताया जा रहा है कि इस घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों और आरोपी के बीच भी झड़प हुई, जिसमें आरोपी भी घायल हो गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया है।
घटना की भनक लगते ही देर रात ऊना के जोनल अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। बिगड़ते हालातों को देखते हुए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जोनल अस्पताल की मोर्चरी में सुरिक्षत रखवा दिया है। आज दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
इस दर्दनाक और सनसनीखेज वारदात के बाद से बदोली गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय पुलिस प्रशासन इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है ताकि कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जा सके। दिवाली की रात हुई इस खूनी झड़प ने समाज में बढ़ती असहिष्णुता और गुस्से पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर गंभीर आरोप
पुलिस को दी शिकायत में केशव ठाकुर निवासी बदोली ने बताया कि वह रात को अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कहासुनी के दौरान परमजीत ने उसके सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ मारपीट की। शिकायत में आगे आरोप लगाया गया कि इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उसकी पत्नी वीना देवी और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।
वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अजमेर सिंह निवासी बदोली ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उनका आरोप है कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे और तेज रफ्तार से गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी।
इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा देवी, बेटे ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस
मामले की पुष्टि करते हुए ऊना के एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि बदोली गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।





















