India Win U19 World Cup 2026: शुक्रवार को खेले गए अंडर-19 विश्व कप फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह भारत का अंडर-19 विश्व कप में छठा खिताब है। टीम ने पहले 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में यह ट्रॉफी जीती थी। इंग्लैंड सिर्फ एक बार ही चैंपियन बना है। इस जीत के साथ भारत में जश्न का माहौल बन गया है। क्रिकेट प्रेमी भारतीय टीम कि इस जीत पर बधाईयाँ दे रहे हैं।
बता दें कि भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और टीम ने इस फैसले को सही साबित कर दिया। 14 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 55 गेंदों में शतक पूरा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरा सबसे तेज शतक है। कुल 80 गेंदों में सूर्यवंशी ने 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। इस पारी के साथ उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। सबसे तेज 150 रन (71 गेंदों में) और युवा वनडे में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी उनके नाम जुड़ गया।
भारतीय पारी में आयुष म्हात्रे ने 53, वेदांत त्रिवेदी ने 32, विहान मल्होत्रा ने 30 और अभिज्ञान कुंडू ने 40 रन बनाए। कनिष्क चौहान 37 रन बनाकर नाबाद लौटे। पूरी टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए। इंग्लैंड के गेंदबाज जेम्स मिंटो ने 3 विकेट लिए, जबकि सेबेस्टियन मोर्गन और एलेक्स ग्रीन को 2-2 विकेट मिले।
इंग्लैंड के सामने 412 रनों का विशाल लक्ष्य था, जो उनके लिए बहुत मुश्किल साबित हुआ। उनकी पारी में शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे और टीम निर्धारित ओवर में लक्ष्य से काफी पीछे रह गई, और अंत में भारत ने 100 रनों से शानदार जीत दर्ज की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम अच्छी शुरुआत नहीं कर पाई।
इंग्लैंड की पारी में कैलेब फाल्कनर ने सबसे ज्यादा 115 रन बनाए, बेन डॉकिन्स ने 66 रन की पारी खेली, बेन मेयेस ने 45 रन, थॉमस रेव ने 31 रन और जेम्स मिंटो ने 28 रन बनाए। जोसेफ मूर्स 17 रन, मैनी लम्सडेन 3 रन और फरहान अहमद 1 रन ही बना सके। राल्फी अल्बर्ट और सेबेस्टियन मोर्गन खाता भी नहीं खोल पाए। भारत के गेंदबाजों में आरएस अंबरीश ने 3 विकेट, कनिष्क चौहान ने 2 विकेट, दीपेश देवेंद्रन ने 2 विकेट और आयुष म्हात्रे व खिलन पटेल ने 1-1 विकेट लिया।
भारत के बल्लेबाजों गेंदबाजों और फील्डर्स ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसके दम पर इंग्लैंड को हार का सामना करना पड़ा। वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी और पूरी टीम का शानदार प्रदर्शन इस जीत का सबसे बड़ा आधार रहा। भारत की इस युवा टीम ने एक बार फिर दुनिया को अपनी ताकत दिखा दी।













