Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

हिमाचल कैबिनेट में 332 पदों को भरने की मंजूरी, खिलाड़ियों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी, जानें बड़े फैसले

हिमाचल कैबिनेट में 332 पदों को भरने की मंजूरी, खिलाड़ियों के दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी, जानें बड़े फैसले

शिमला|
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की अध्यक्षता में आज यहां आयोजित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में राज्य में 76 मॉडल हेल्थ वेलनेस सेंटर-प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विकसित करने को मंजूरी प्रदान की गई। इन वेलनेस सेंटरों के लिए स्टाफ नर्सों के 152 पदों और महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के 76 पदों को सृजित कर अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया गया।

मंत्रिमंडल ने किन्नौर जिला की पूह तहसील में क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए स्पिलो में पटवार वृत्त खोलने का निर्णय लिया। बैठक में बिलासपुर जिला की सदर तहसील के शिकरोहा में पटवार वृत्त सृजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में मण्डी जिला की चच्योट तहसील के अंतर्गत केलोधार में कानूनगो वृत्त सृजित करने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चम्बा में लोक निर्माण विभाग के दो नये अनुभाग (सिविल एवं विद्युत) सृजित करने एवं इनमें आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया।

बैठक में राज्य निर्वाचन विभाग में निर्वाचन कानूनगो के दस पदों को अनुबंध आधार पर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में कांगड़ा जिला के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाली तथा सोलधा में विज्ञान की कक्षाएं (नॉन मेडिकल) आरम्भ करने तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अमनी तथा त्रिलोकपुर में वाणिज्य कक्षाएं आरम्भ करने और विभिन्न श्रेणियों के 11 पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की गई।

मंत्रिमंडल ने कुल्लू जिला के मनाली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोशाल, जगतसुख और नाथन में वाणिज्य कक्षाएं आरम्भ करने और प्रवक्ताओं के सात पद सृजित कर भरने को मंजूरी प्रदान की। बैठक में ऊना जिला की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कध में वाणिज्य कक्षाएं आरम्भ करने और तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया।

बैठक में कुल्लू जिला के नागरिक अस्पताल बंजार को 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इस अस्पताल के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 35 पदों को सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में मण्डी जिला में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र पुराना बाजार तहसील सुन्दरनगर को 10 बिस्तर क्षमता के आयुर्वेदिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों के 10 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया।

मंत्रिमण्डल ने युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के तहत खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले दैनिक भत्ते को राज्य के भीतर वर्तमान में दिए जाने वाले 120 रुपये से बढ़ाकर 240 रुपये प्रतिदिन प्रति खिलाड़ी और राज्य के बाहर 200 रुपये से बढ़ाकर 400 रुपये प्रतिदिन प्रति खिलाड़ी करने का निर्णय लिया।
बैठक में कांगड़ा जिला के प्रारम्भिक शिक्षा खण्ड पालमपुर, नगरोटा बगवां और भवारना को विभाजित कर क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए धीरा में नया प्रारम्भिक शिक्षा खण्ड खोलने को अनुमति प्रदान की गई।

बैठक में कांगड़ा जिला के डाडासिबा में नया विकास खण्ड कार्यालय खोलने के साथ-साथ विभिन्न श्रेणियों के 14 पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमण्डल ने सोलन जिला के पट्टा में नया विकास खण्ड कार्यालय खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के 14 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया।

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News Today

Join WhatsApp

Join Now