Prajasatta Side Scroll Menu

मुख्यमंत्री ने सोलन में 34 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के किए लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने सोलन में 34 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के किए लोकार्पण और शिलान्यास

प्रजासत्ता|
-नगर निगमों के गठन से शहरों का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित होगाः मुख्यमंत्री
सोलन शहर में नगर निगम के गठन से शहर का योजनाबद्ध और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा। इससे यहां का पुराना वैभव और महत्व भी बना रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह बात आज सोलन शहर के निवासियों द्वारा नगर परिषद सोलन को नगर निगम के रूप में स्तरोन्नत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने के लिए ठोडो मैदान में आयोजित अभिनन्दन समारोह के दौरान कही।

जय राम ठाकुर ने कहा कि सोलन राज्य के केंद्र में स्थित जीवंत शहरों में से एक है, जो न केवल प्रदेश का प्रवेश द्वार है, बल्कि प्रदेश के सभी भागों के लोगों को अपने सुखद वातावरण के कारण यहां रहने के लिए आकर्षित करता है। उन्होंने कहा कि इस कारण ही शहर के नियोजित और समुचित विकास को सुनिश्चित करने की आवश्यकता महसूस की गई। वर्तमान राज्य सरकार ने इसी कारण से सोलन की नगर परिषद को नगर निगम में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने लोकतंत्र की सबसे निचली व महत्वपूर्ण इकाई के संस्थानों में लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 412 नई ग्राम पंचायतें, सात नगर पंचायतें और तीन नगर निगमों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि सोलन, पालमपुर और मंडी में तीन नए नगर निगमों का गठन इसलिए महत्वपूर्ण था, ताकि इन सभी शहरों का योजनाबद्ध और व्यवस्थित तरीके से विकास किया जा सके। राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के इन सभी तीनों शहरों के लोगों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया गया है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने विश्व और भारत की अर्थव्यवस्था के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों के सक्रिय समर्थन और सहयोग से सरकार इस स्थिति से सफलतापूर्वक बाहर आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने न केवल जरूरतमंदों और गरीबों के लिए भोजन और आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई, बल्कि लोगों को लगभग 53 लाख फेस मास्क भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस संकट से उबरने के लिए न केवल समय पर प्रभावी निर्णय लिए, बल्कि वैज्ञानिकों को इस वायरस के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित करने तथा देश के लोगों को चुनौतियों में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पीपीई किट के लिए एक समय चीन पर पूरी तरह से निर्भर रहने वाला भारत आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से ही प्रतिदिन छह लाख से अधिक पीपीई किट का उत्पादन कर कई अन्य देशों को इसका निर्यात कर रहा है। राज्य में संक्रमण के समय प्रदेश में केवल 60 वंेटिलेर्ज थे, परंतु आज राज्य में 600 से अधिक वेंटिलेटर्ज हैं।

इसे भी पढ़ें:  Himachal News: प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने की 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की अस्थाई तौर पर जारी डेटशीट में बदलाव की मांग

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने महामारी के इस संवेदनशील मुद्दे का भी राजनीतिकरण किया और राज्य सरकार पर देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे प्रदेश के लगभग 2.50 लाख लोगों की प्रदेश वापसी कर संक्रमण फैलाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राज्य के लोगों को मास्क और सेनेटाइजर प्रदान करने के लिए खर्च की गई राशि के 13 करोड़ रुपये के बिल अपनी आलाकमान के समक्ष रखे। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि राज्य के लोगों को कांग्रेस से जब कुछ मिला ही नहीं तो यह राशि कैसे और कहां खर्च की गई।

जय राम ठाकुर ने सोलन के लोगों से नगर निगम चुनावों में भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि विकास निर्बाध रूप से चलता रहे। उन्हांेने कहा कि प्रदेश के लोगों ने लोकसभा चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन दिया। जिसमें भाजपा ने सभी चार सीटों पर रिकाॅर्ड अंतर से जीत दर्ज की थी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में एक कदम और आगे बढ़ते हुए भाजपा को राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल हुई, जो पूर्व में कभी नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा के दोनों उपचुनावों और उसके पश्चात पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के चुनावों में जीत दर्ज की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग जनमंच, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1100, सहारा योजना, गृहिणी सुविधा योजना, हिमकेयर जैसी अनेक योजनाओं से अत्यधिक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना राज्य के युवाओं के लिए वरदान साबित हुई है और वे अब रोजगार की तलाश करने के बजाय रोजगार प्रदाता बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत दिवस प्रस्तुत राज्य के वार्षिक बजट में समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि 65 से 69 वर्ष की आयु की वृद्ध महिलाओं को बिना किसी आय सीमा के प्रतिमाह एक हजार रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि शगुन योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को बेटियों की शादी के लिए 31 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। वर्ष 2021-22 के दौरान राज्य के गरीबों के लिए लगभग 12 हजार घरों का निर्माण करने की भी घोषणा की गई है।

इसे भी पढ़ें:  अगर हिमाचल में श्रीलंका जैसे हालात बने तो उसके लिए सबसे बड़ी जिम्मेदार होगी कांग्रेस :- जयराम

मुख्यमंत्री ने परिवहन नगर सोलन के लिए दो करोड़ रुपये, सोलन में तीन नई पार्किंग के लिए दो करोड़ रुपये और नगर निगम सोलन के 17 वार्डों के योजनाबद्ध विकास के लिए दो करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल सोलन में सीटी स्कैन और डिजिटल एक्स-रे संयत्र स्थापित किया जाएगा। सोलन और कंडाघाट अस्पतालों में डाॅक्टरों के पर्याप्त पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंडाघाट स्टेडियम और इंडोर स्टेडियम सोलन का कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र के लोगांे की सभी मांगों सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुराने बस अड्डे के समीप पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने जिला सोलन के सोलन विधानसभा क्षेत्र में लगभग 34 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने कंडाघाट तहसील की ग्राम पंचायत सतड़ोल में 1.41 करोड़ रुपये की उठाऊ पेयजल योजना बदरौण के संवर्द्धन कार्य और क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 93 लाख रुपये के कोविड आईसीयू केंद्र का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के 3.93 करोड़ रुपये की लागत के मुख्यालय भवन, 15 करोड़ रुपये की लागत से गिरी नदी से सोलन शहर की उठाऊ पेयजल योजना के सुधार एवं स्तरोन्नयन कार्य, तीन करोड़ रुपये की लागत से सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरोट व बसाल तहसील की विभिन्न बस्तियों के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, 2.19 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत मशीवर और जौणाजी के लिए उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना के संवर्द्धन कार्य, 1.25 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कनैर और जधाणा में मेहली चरण-2 उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना, जटोली में 4.21 करोड़ रुपये के माॅडल करियर सेंटर और 1.27 करोड़ रुपये की लागत की सोलन की जल आपूर्ति वितरण के चरण-2 के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास किया।

जोगिन्द्रा बैंक के प्रबन्धन की ओर से जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष योगेश भारतीय ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2.56 लाख रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया।

इसके पश्चात, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य में सहभागिता योजना के अंतर्गत साईं संजीवनी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल सोलन का लोकार्पण किया।

स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि पिछले 20 वर्षों के दौरान क्षेत्र में सोलन शहर विकसित शहर के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में वर्तमान प्रदेश सरकार ने ही सोलन शहर को नगर निगम में स्तरोन्नत करने की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया गया है। उन्होंने शहर के लोगों से आगामी नव गठित नगर निगम के चुनावों में सभी भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

इसे भी पढ़ें:  हिमाचल दिवस पर पेंशनर्स और कर्मचारी निराश, कोरोना वॉरियर्स को अतिरिक्त वेतन, होटल इंडस्ट्री को मरहम

सांसद और राज्य भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि राज्य के गठन के समय केवल एक नगर निगम शिमला था और कांग्रेस सरकार ने इन 50 वर्षों के दौरान केवल एक नगर निगम धर्मशाला का गठन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने सोलन, मंडी और पालमपुर में तीन नए नगर निगम गठित किए, ताकि राज्य के तेजी से विकसित हो रहे इन शहरों का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है और इसका उद्देश्य हमारे शहरों को और अधिक जीवंत और आत्मनिर्भर बनाना है।

राज्य विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक डाॅ. राजीव बिंदल ने सोलन शहर के लोगों को उनके प्यार और परोपकार के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सोलन शहर देश का सबसे तेजी से विकसित हो रहा शहर है। उन्होंने कहा कि शहर का योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए यह आवश्यक था कि शहर को निगम का दर्जा मिले। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर सोलन शहर के लोगों के हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने सोलन शहर की विकासात्मक मांगों के बारे में विस्तार से बताया।

पूर्व सांसद और राष्ट्रीय भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सोलन जिला को नगर निगम का दर्जा देना सोलन शहर के लोगों के लिए सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि नवगठित नगर निगम की सभी सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करना अब शहर के लोगों की जिम्मेदारी है।

विधानसभा चुनाव-2017 में भाजपा उम्मीदवार डाॅ. राजेश कश्यप और भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन सिंह ठाकुर ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया।

राज्य भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रश्मिधर सूद, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, जोगिन्द्रा सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष योगेश भारतीय, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, जिला भाजपा अध्यक्ष आशुतोष वैद्य, राज्य भाजपा उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, हिमकोफेड अध्यक्ष रतन सिंह पाल, जल प्रबन्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष दर्शन सिंह सैनी, उपायुक्त केसी चमन और अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Kasauli International Public School, Sanwara (Shimla Hills)
Aaj Ki Khabren Himachal Latest News Himachal News in Hindi Himachal Pradesh News Himachal Pradesh samachar Himachal update HP government news HP News Today

Join WhatsApp

Join Now