Prajasatta Side Scroll Menu
Kullu Dussehra 2026 Celebration
IEC University Bahra University - Shimla Hills

हिमाचल विधानसभा सत्र के लिए कड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था,ड्रोन से होगी निगरानी

हिमाचल विधानसभा सत्र के लिए कड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था

शिमला|
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के कल यानी सोमवार से शुरू होने जा रहे मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा व्‍यवस्‍था चाक चौबंद रहेगी। दो अगस्त से आरंभ होने वाले मानसून सत्र के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होंगे। इस संबंध में शनिवार को विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने विस सचिवालय में बैठक की। विधानसभा सत्र के दौरान पहली बार ड्रोन से नजर रखी जाएगी। मानसून सत्र के दौरान कुल 10 बैठकें आयोजित होंगी, जिसमें से दो गैर सरकारी दिवस भी होंगे।

उन्होंने कहा कि इस बार लोगों के भी पास बनेंगे। इससे पूर्व बजट सत्र में कोरोना संक्रमण के कारण लोगों के प्रवेश पर रोक थी। अबकी बार वे पास बनाकर विधानसभा आ सकेंगे, लेकिन उन्हें कोरोना निर्देशों की पालना करनी होगी।

विधानसभा में प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों की गणना भी की जाएगी। कोरोना काल के दौरान हो रहे विधानसभा सत्र के लिए निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। सभी मुख्य द्वारों पर स्कैनिंग की व्यवस्था होगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जाएगी।

विधानसभा के मानसून सत्र के लिए कुल 858 प्रश्न आए हैं, जिनमें से 618 अतारांकित और 235 तारांकित प्रश्न हैं। नियम 51 के तहत 4, नियम 134 के तहत सात प्रस्ताव आए हैं। कोरोना काल के दौरान पहली बार होगा जब लोग विधानसभा की कार्यवाही को देख सकेंगे। एक दिन में 40 पास जारी करने का प्रावधान किया गया है।

बैठक में डीजीपी संजय कुंडू, आइजी सीआइडी इंटेलीजेंस दलजीत ठाकुर, आइजी क्राइम अतुल फुलजले, पुलिस अधीक्षक शिमला मोहित चावला, पुलिस अधीक्षक इंटेलीजेंस संदीप भारद्वाज तथा पुलिस अधीक्षक सुरक्षा भागमल ठाकुर शामिल रहे। इस अवसर पर सचिव विधान यशपाल शर्मा भी बैठक में मौजूद रहे।

Aaj Ki KhabrenHimachal Latest NewsHimachal News in HindiHimachal Pradesh NewsHimachal Pradesh samacharHimachal updateHP government newsHP News Today

Join WhatsApp

Join Now