Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Law Career Success Tips: “अच्छा वकील वही जो मेहनत, अध्ययन और प्रस्तुति से न्याय दिलाए”—अविनाश राय खन्ना

Bahra University School of Law: बाहरा यूनिवर्सिटी में 5वीं मूट कोर्ट प्रतियोगिता का भव्य आगाज, पूर्व सांसद ने कानून के छात्रों को गहन अध्ययन, सटीक प्रस्तुति और मुवक्किल के साथ बेहतर तालमेल के जरिए न्याय दिलाने के गुर सिखाए।
Published on: 17 April 2026
Law Career Success Tips: “अच्छा वकील वही जो मेहनत, अध्ययन और प्रस्तुति से न्याय दिलाए”—अविनाश राय खन्ना

Law Career Success Tips: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला की बाहरा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ़ लॉ द्वारा आयोजित 5वीं बाहरा यूनिवर्सिटी मूट कोर्ट प्रतियोगिता (16 से 18 अप्रैल 2026) का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र में पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ विधिवेत्ता अविनाश राय खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के चांसलर गुरविंदर सिंह बाहरा ने की।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अविनाश राय खन्ना ने विधि के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एक सामान्य वकील और एक सफल वकील में सबसे बड़ा अंतर उसकी तैयारी, प्रस्तुति और दृष्टिकोण में होता है। उन्होंने कहा कि वकालत केवल धन कमाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ है, जहाँ वकील अदालत और न्याय के बीच एक सेतु का कार्य करता है।

उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक ही कानून, एक ही तथ्य और एक ही प्रक्रिया होने के बावजूद, अलग-अलग वकील अपने तर्क और प्रस्तुति के आधार पर अलग परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को संदेश दिया कि गहन अध्ययन, केस की समझ और आत्मविश्वास ही सफ़लता की कुंजी है।

खन्ना ने अपने प्रारंभिक वकालत के अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और एक कमज़ोर दिखने वाले केस को गहन अध्ययन और कानूनी समझ के आधार पर जीता। उन्होंने कहा कि वकील को हर केस को चुनौती के रूप में लेना चाहिए और पूरी तैयारी के साथ अदालत में प्रस्तुत होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं छात्रों को वास्तविक न्यायिक प्रक्रिया का अनुभव प्रदान करती हैं, जिससे उन्हें कानून, प्रक्रिया और प्रस्तुति कौशल सीखने का अवसर मिलता है। यह मंच भविष्य के सफ़ल वकीलों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे केवल किताबों तक सीमित न रहें, बल्कि केस की बारीकियों, दस्तावेज़ों की समझ और कानूनी शब्दावली पर भी गहरी पकड़ बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि एक वकील को अपने मुवक्किल के साथ समय बिताना चाहिए, क्योंकि वही अपने केस का सबसे अच्छा मार्गदर्शक होता है।

कार्यक्रम में देशभर से आई विभिन्न टीमों ने भाग लिया और प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी कानूनी समझ और तर्क क्षमता का प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की कि यह प्रतियोगिता छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण सीखने का मंच सिद्ध होगी। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास और न्यायिक क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं।

career tips Hindiemployment news Indiagovernment job vacancyjob alert todayprivate job IndiaSarkari NaukriSolan News

Join WhatsApp

Join Now