Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Himachal Weather: हिमाचल में 3 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज, 5 मई तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी

Shimla Weather Update: हिमाचल प्रदेश में 3 से 5 मई तक आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना। 4 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित, गेहूं और सेब की फसल को लेकर किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ी।
Published on: 2 May 2026
Himachal Weather Forecast mausam update

Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिन यानी 3, 4 और 5 मई को आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें 4 मई को ऑरेंज अलर्ट है और इस दिन मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि, 8 मई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा और बीच-बीच में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार, 3 मई को कई जगहों पर गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 4 मई को हालात और बिगड़ेंगे, इस दिन ओलावृष्टि, तेज आंधी, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। 5 मई को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।

मौसम की मार से फसलों पर खतरा
उल्लेखनीय है की मौसम के इस बदलाव का सीधा असर कृषि और बागवानी पर पड़ने की आशंका है। निचले इलाकों में इस समय गेहूं की कटाई और पिसाई का काम चल रहा है। ऐसे में बारिश होने से खेतों में पड़ी कटी फसल भीगकर खराब हो सकती है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब की फसल पर भी खतरा मंडरा रहा है।

इस समय सेब के पेड़ों में फ्लावरिंग हो रही है। ओलावृष्टि से फूल झड़ सकते हैं, जिससे कुल उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है। पिछले दिनों भी ऊपरी शिमला में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुकसान पहुंचा था। हालांकि, राहत की बात यह है कि इन दिनों होने वाली बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

पिछले 24 घंटों का तापमान और स्थिति
पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सराहन में 18.5 मिलीमीटर, सांगला में 2.4 मिलीमीटर, सेओबाग में 2.2 मिलीमीटर, वांगटू में 1.0 मिलीमीटर और कल्पा में 0.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

शनिवार सुबह तक दर्ज न्यूनतम तापमान में सबसे कम तापमान ताबो में 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद कुकुमसेरी में 5.4 डिग्री, कल्पा में 6.2 डिग्री, मनाली में 9.5 डिग्री, सराहन में 10.1 डिग्री, भुंतर में 13.2 डिग्री, शिमला में 13.5 डिग्री, सोलन और बरठिन में 15.6 डिग्री, सुंदरनगर में 16.3 डिग्री, जुब्बरहट्टी में 16.4 डिग्री, पालमपुर में 16.5 डिग्री, मंडी में 17.7 डिग्री, नाहन में 18.1 डिग्री, कांगड़ा में 18.3 डिग्री, बिलासपुर में 18.5 डिग्री, ऊना में 18.8 डिग्री और पांवटा साहिब व देहरा गोपीपुर में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

फिलहाल आज राज्य में मौसम साफ बना हुआ है, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्के बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने लोगों और खासकर किसानों व बागवानों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।

Himachal WeatherHimachal Weather AlertHimachal Weather ForecastHimachal Weather Update

Join WhatsApp

Join Now