Sirmour News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से एक दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। नाहन सदर थाना पुलिस की एक टीम की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस गंभीर सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसे के वक्त कार में दो पुलिस कर्मी सवार थे, जो सोलन से कैदी को अदालत में पेश करने के बाद नाहन लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा नाहन-शिमला नेशनल हाईवे पर बनेठी के समीप निहोग गांव के पास हुआ। उधर, पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को दो पुलिस कांस्टेबल नाहन से विशेष न्यायाधीश सोलन की अदालत में कैदी को पेश करने के लिए एस्कॉर्ट ड्यूटी पर गए थे। कैदी को अदालत में पेश करने के बाद दोनों पुलिसकर्मी वाहन नंबर HP71A-3030 से नाहन लौट रहे थे।

शाम करीब चार बजे जब वाहन बनेठी के समीप निहोग गांव पहुंचा तो चालक कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे बैठी बाला देवी (45) पत्नी यशपाल निवासी गांव निहोग, डाकघर बनेठी, तहसील नाहन को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
दुर्घटना के तुरंत बाद घायल महिला को डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक महिला स्थानीय स्कूल में एमडीएम वर्कर थी। वह गांव के समीप सड़क किनारे पशु चरा रही थी कि अचानक अनियंत्रित कार की चपेट में आ गई। हादसे के दौरान मृतक महिला के साथ एक अन्य महिला भी बैठी थी, जो हादसे के दौरान बाल-बाल बच गई। इस दुर्घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस थाना सदर नाहन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि थाना सदर नाहन में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और रक्त नमूने भी जांच के लिए एकत्रित किए हैं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















