Lok Janshakti Party Himachal: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला के नाहन से पूर्व विधायक स्वर्गीय सदानंद चौहान के पुत्र नितिन चौहान को लोक जनशक्ति पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की कमान सौंपी है। गत दिवस नितिन चौहान ने पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान से दिल्ली में मुलाकात की ओर पार्टी की ओर से उनको नियुक्ति पत्र सौंपा गया है। जिले के बड़े कारोबारी और समाजसेवी नितिन चौहान ने पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान का धन्यवाद किया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी हिमाचल की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस से हटकर तीसरे विकल्प के लिए राह देख रही है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी को प्रदेश में मजबूत करने के लिए कार्य करेंगे और जल्द ही प्रदेश की कार्यकारिणी भी घोषित की जाएगी। वह सभी जिलों में पार्टी को मजबूत करने के लिए पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।

बता दें कि नितिन चौहान के पिता सदानंद चौहान ने 2003 के विधानसभा चुनाव में लोक जन शक्ति पार्टी के टिकट पर नाहन विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था। शहर में एक सफल कारोबारी के रूप में जाना जाने वाले सदानंद चौहान लोगों के भी बेहद करीब थे।
27 अक्तूबर 1955 को स्वतंत्रता सैनानी स्व. बूटीनाथ के घर जन्मे सदानंद चौहान एक दबंग राजनेता माने जाते थे और सामाजिक कार्यो व गरीबों के उत्थान के लिए हमेशा तत्पर रहे। उनकी बागवानी में भी विशेष रुचि थी। सदानंद चौहान मूलत: नौहराधार के समीप एक गांव के रहने वाले थे।


















