Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Bilaspur News: इशान अख्तर बने जिला बिलासपुर ओलंपिक एसोसिएशन के नोडल ऑफिसर

हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन ने बिलासपुर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण प्रतिभाओं को तराशने के लिए पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी इशान अख्तर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
Bilaspur News: इशान अख्तर बने जिला बिलासपुर ओलंपिक एसोसिएशन के नोडल ऑफिसर

Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश में खेलों को नई दिशा देने तथा युवा प्रतिभाओं को खेलों के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रहे बिलासपुर के युवा आइकॉन एवं पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी इशान अख्तर को जिला बिलासपुर ओलंपिक एसोसिएशन का नोडल ऑफिसर नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से जिले के खेल जगत में खुशी की लहर है।

गत दिवस जिला शिमला में हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष अनुराग ठाकुर एवं राज्य महासचिव राजेश भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, खेलों के विस्तार तथा प्रदेश में ओलंपिक खेलों को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इसी दौरान इशान अख्तर को जिला बिलासपुर में ओलंपिक एसोसिएशन की गतिविधियों के समन्वय एवं संचालन से संबंधित महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

गौरतलब है कि इशान अख्तर पिछले कई वर्षों से हिमाचल प्रदेश में विशेष रूप से वाटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उनके प्रयासों से अनेक युवक-युवतियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिला है तथा खिलाड़ियों को खेल कोटे के माध्यम से सरकारी रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खेल एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें भारत सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस तथा गणतंत्र दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है।

अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए इशान अख्तर ने हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, महासचिव राजेश भंडारी तथा समस्त पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निभाया जाएगा। उनका मुख्य उद्देश्य बिलासपुर जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करना, ग्रामीण स्तर की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध करवाना रहेगा।

बिलासपुर जिला ओलंपिक एसोसिएशन के नोडल ऑफिसर इशान अख्तर ने जानकारी देते हुए बताया कि बिलासपुर में जल्द ही प्रथम जिला यूथ ओलंपिक चैंपियनशिप आयोजित करवाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के अंतर्गत एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हैंडबॉल, हॉकी, आइस स्केटिंग, जूडो, कबड्डी, नेटबॉल, शूटिंग, सॉफ्टबॉल, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, कुश्ती एवं वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप हिमाचल प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के बैनर तले कराई जाएगी। इसका उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के लिए एक व्यापक मंच उपलब्ध करवाना है। इशान अख्तर की इस नियुक्ति को बिलासपुर जिले में खेलों के विकास, नई खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Anurag ThakurBilaspur NewsHimachal SportsIshan AkhtarOlympic Association

Join WhatsApp

Join Now