Solan News: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में मंगलवार को दिनदहाड़े गोलीकांड से सनसनी फैल गई। रामशहर मार्ग पर बाइक सवार एक युवक ने 58 वर्षीय असलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में असलम को तीन गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार असलम बाइक पर रामशहर मार्ग से अपने घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पीर बाबा की दरगाह से कुछ पहले स्थित सब्जी की दुकान के पास पहुंचे, बाइक पर सवार एक युवक वहां आया और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। गंभीर रूप से घायल असलम सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।
राहगीर ने पहुंचाया अस्पताल
सब्जी की दुकान के पास मौजूद जोगिंदर नामक व्यक्ति ने इंसानियत दिखाते हुए घायल को अपनी गाड़ी में डालकर तुरंत नालागढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जोगिंदर ने बताया कि असलम को पेट और टांग में गोलियां लगी थीं। वह असलम उर्फ बल्लू को जानते हैं और हमलावर बाइक पर अकेला था।
डॉक्टर ने बताया, दो गोलियां पेट में, एक टांग में
सिविल अस्पताल नालागढ़ के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. तमन्ना ने बताया कि असलम को गंभीर अवस्था में लाया गया था। जांच में शरीर पर गोली के तीन घाव मिले, जिनमें दो गोलियां पेट में और एक टांग में लगी थीं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पुराने विवाद की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक घायल असलम और आरोपी युवक दोनों नालागढ़ के जुहूवाल क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों के बीच प्रीत नगर कॉलोनी के पास एक पुराने मकान और नाली को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि दो-तीन दिन पहले भी आरोपी ने असलम से झगड़ा कर जान से मारने की धमकी दी थी। मंगलवार को वारदात से पहले भी कथित तौर पर फोन पर धमकियां दी गईं। हालांकि हमले की असली वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नालागढ़ राकेश रॉय टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास का क्षेत्र सील किया और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर भेजी गई हैं। फिलहाल असलम का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





















