Solan News: हिमाचल प्रदेश में शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को मीटिंग और प्रशिक्षण के लिए 50 किलोमीटर तक की दूरी तय कर उसी दिन वापस अपने स्टेशन पर पहुंचने के शिक्षा विभाग के आदेशों का विरोध शुरू हो गया है। हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ ने इन आदेशों को अव्यावहारिक बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की है।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरोत्तम वर्मा ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि निदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से जारी इन आदेशों से शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पहले मीटिंग और ट्रेनिंग के लिए आने-जाने की दूरी सीमा महज 8 किलोमीटर निर्धारित थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 किलोमीटर किया गया और अब इसे बढ़ाकर 50 किलोमीटर कर दिया गया है।
नरोत्तम वर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से बिल्कुल अलग हैं। यहां पहाड़ी रास्तों, खराब मौसम और परिवहन संबंधी दिक्कतों के चलते यात्रा में कभी भी विपरीत परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं। ऐसे में शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों को सुबह अपने स्टेशन से रवाना होकर 50 किलोमीटर तक की दूरी तय करने और उसी दिन वापस लौटने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है।
उन्होंने शिक्षा विभाग के इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताते हुए निदेशक स्कूल शिक्षा से मांग की है कि इन आदेशों को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए और पहले की व्यवस्था बहाल करते हुए दूरी सीमा दोबारा 8 किलोमीटर निर्धारित की जाए।
संघ ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की सुरक्षा और व्यावहारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखे बिना इस तरह के आदेश जारी करना उचित नहीं है।





















