Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

Mandi News: देउरी स्कूल का सीएम सुक्खू ने किया वर्चुअल लोकार्पण:, प्रियंका नहीं आईं तो भड़के जयराम- हाईकोर्ट की चौखट तक पहुंचा है मामला

Mandi Deuri School Inauguration: मंडी जिले के दयोरी में आपदा में नष्ट हुए स्कूल भवन का मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअली उद्घाटन कर दिया, जिससे छात्रों को 9 महीने के इंतजार के बाद नई कक्षाओं की सुविधा मिल सकी।
Published on: 18 August 2026
Mandi News: देउरी स्कूल का सीएम सुक्खू ने किया वर्चुअल लोकार्पण:, प्रियंका नहीं आईं तो भड़के जयराम- हाईकोर्ट की चौखट तक पहुंचा है मामला

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में द्रंग विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी के नवनिर्मित भवन में आज से कक्षाओं का संचालन विधिवत रूप से शुरू हो गया है। 14 अगस्त 2023 को आई भीषण प्राकृतिक आपदा और बारिश के कारण पुराना स्कूल भवन पूर्ण रूप से बह गया था। इसके बाद कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर स्कूल के पुनर्निर्माण का वादा किया था, जिसे प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पूरा किया है।

इस स्कूल का नवनिर्मित भवन करीब 9 महीने पहले ही बनकर तैयार हो चुका था, लेकिन उद्घाटन न होने की वजह से इस पर ताला लगा हुआ था। आखिरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअली जुड़कर इस नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले स्कूली बच्चों के प्रोत्साहन के लिए ₹1 लाख देने की घोषणा भी की।

दयोरी में निर्मित इस नए शैक्षणिक परिसर में राजकीय प्राथमिक विद्यालय दयोरी भवन का निर्माण लगभग ₹70 लाख की लागत से किया गया है, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दयोरी के भवन निर्माण पर ₹3 करोड़ 62 लाख खर्च हुए हैं। इस निर्माण कार्य के लिए स्थानीय निवासी चिंता देवी, दासी देवी और पुन्नी देवी ने एक बीघा से अधिक जमीन दान में दी है, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने उनका आभार जताया।

उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सांसद प्रियंका गांधी स्वयं इस लोकार्पण अवसर पर दयोरी आना चाहती थीं, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका दौरा रद्द हो गया। प्रियंका गांधी बच्चों से मिलना और संवाद करना चाहती हैं, इसलिए वह आगामी सितंबर महीने में यहां आएंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि व्यवस्था परिवर्तन के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में वर्ष 2021 के 21वें स्थान से सुधरकर अब 5वें स्थान पर पहुंच गया है।

समारोह में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रियंका गांधी का संदेश पढ़कर सुनाया। प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में कहा कि 12 सितंबर 2023 को उन्होंने इस त्रासदी को अपनी आंखों से देखा था और हिमाचल वासियों ने साबित किया कि उनके हौंसले हिमालय की तरह अडिग हैं। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि नए भवन में विद्यार्थी संविधान के मूल्यों, समानता और भाईचारे की भावना को सीखेंगे।

दूसरी ओर, इस नवनिर्मित स्कूल भवन के उद्घाटन में हुई देरी को लेकर प्रदेश में सियासी पारा भी गर्म रहा। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 9 महीने से भवन बनकर तैयार था, लेकिन सिर्फ प्रियंका गांधी के आने का इंतजार किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे खुले में पढ़ने को मजबूर थे और पूरी तैयारी के बावजूद प्रियंका गांधी का दौरा रद्द होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

वहीं, उद्घाटन में हो रहे विलंब को लेकर स्थानीय निवासी कुंज लाल ने 14 जुलाई को हिमाचल हाईकोर्ट में जनहित याचिका भी दायर की थी। याचिकाकर्ता का तर्क था कि आपदा के बाद छात्र असुरक्षित किराए के भवन में पढ़ने को मजबूर हैं और नया भवन तैयार होने के बावजूद इसे शुरू नहीं किया जा रहा है, जिस पर अदालत में सुनवाई चल रही थी।

Himachal Disaster ReliefHimachal Pradesh NewsMandi School NewsPriyanka Gandhi VadraSukhvinder Singh Sukhu

Join WhatsApp

Join Now