HRTC Bus Accident Kullu: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में शुक्रवार को रक्षा बंधन के त्योहार के दिन एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। कुल्लू-ब्यासर मार्ग पर बजउन नामक स्थान पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 40 महिलाओं के घायल होने की सूचना है, जबकि चालक को गंभीर चोटें आई हैं। चालक की त्वरित सूझबूझ के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई और कई यात्रियों की जान बच सकी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त एचआरटीसी बस (पंजीकरण संख्या HP 66-1583) ब्यासर से कुल्लू की ओर लौट रही थी। कुल्लू से लगभग 11 किलोमीटर दूर भेखली मार्ग पर अचानक बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के शुरुआती कारणों में बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। चालक ने बस को सीधे गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए तुरंत पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया और बस पहाड़ी से टकराकर रुक गई।

घटनाक्रम के अनुसार, यह बस सुबह करीब 9:12 बजे कुल्लू से ब्यासर के लिए रवाना हुई थी और सुबह लगभग 11 बजे वापस कुल्लू की ओर लौट रही थी। बस का संचालन चालक प्रवीण कुमार-2 कर रहे थे, जबकि परिचालक की जिम्मेदारी प्रीतम सिंह संभाल रहे थे। यात्रा के दौरान बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। 47 सीटों वाली इस बस में कुल 79 यात्री सफर कर रहे थे। अचानक हुए हादसे के बाद बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। दुर्घटना में चालक प्रवीण कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, वहीं करीब 40 महिला यात्री भी घायल हुई हैं जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे के कारण कुल्लू-ब्यासर मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। हालांकि दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का अभी पूरी तरह से पता नहीं चल पाया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में चालक की सूझबूझ की सराहना की जा रही है, जिससे 79 यात्रियों से भरी बस खाई में गिरने से बच गई।

















