Solan News: सोलन के माल रोड स्थित शराब ठेके के सेल्समैन पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने हरिपुरधार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों में से एक ने सेल्समैन के सिर पर बेलचे से तीन-चार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सेल्समैन का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को वीरेंद्र ठाकुर पुत्र नरदेव ठाकुर निवासी शकौल, डाकघर डिंगर-किन्नर, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर, जो वर्तमान में पराशर हॉल सोलन स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है, ने पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि 3 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे आनंद कॉम्प्लेक्स, माल रोड सोलन में दो युवकों पंकज और अभिषेक ने सेल्समैन पंकज कुमार शर्मा के साथ मारपीट की।

पुलिस के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपी पंकज ने पंकज कुमार शर्मा के सिर पर बेलचे से तीन-चार बार वार किए। इससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। घायल को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे आगामी उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा एसएफएसएल की विशेषज्ञ टीम से भी घटनास्थल का निरीक्षण करवाया गया और मौके से मिले भौतिक साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल कर उनका विश्लेषण किया। इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी पड़ताल की गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और संभावित गवाहों से पूछताछ कर पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाई।
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त बताए जा रहे दोनों युवकों की पहचान पंकज चीनटा पुत्र बीजा राम निवासी गांव खडान, डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर, उम्र 22 वर्ष और अभिषेक कुमार पुत्र जोगिन्दर सिंह निवासी गांव खडान, डाकघर हरिपुरधार, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर, उम्र 23 वर्ष के रूप में की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 4 सितंबर को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। दोनों से मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब ठेके के सेल्समैन और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बाद में यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















