Chamba News: चंबा जिले के चुराह उपमंडल में 38 वर्षीय ढाबा संचालक नेगी राम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। बीते 18 अगस्त को जुक्याणी क्षेत्र में एक खाई से नेगी राम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ था। पुलिस जांच में धारदार और नुकीले हथियारों से हमले की पुष्टि होने के बाद इलाके में आक्रोश और बढ़ गया है।
सोमवार को परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने तीसा स्थित अटल चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया और कहा कि इस सनसनीखेज वारदात में केवल दो लोगों की ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। मृतक की पत्नी लता ने घटना की रात का ब्योरा देते हुए बताया कि करीब साढ़े नौ बजे उनकी आखिरी बार पति से फोन पर बात हुई थी। नेगी राम रोजाना की तरह ढाबा बंद कर सीधे घर लौटने वाले थे, लेकिन काफी देर तक नहीं पहुंचे। जब दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
रातभर तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला और अगली सुबह जुक्याणी क्षेत्र में सड़क से नीचे खाई में उनका शव बरामद हुआ। शव के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे, चेहरा कुचला हुआ था और एक बाजू कटी हुई थी। हैरानी की बात यह रही कि उनकी मोटरसाइकिल घटनास्थल के पास सुरक्षित खड़ी मिली, जिससे यह सवाल और गहरा गया कि वह अपनी दुकान से वहां तक कैसे पहुंचे।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शक के आधार पर एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। परिवार का आरोप है कि गिरफ्तार आरोपियों के अलावा अन्य लोग भी इस साजिश में शामिल हो सकते हैं। स्थानीय पंचायत प्रधान असलम खान ने कहा कि क्षेत्र में भारी रोष है और पुलिस को निष्पक्ष जांच के साथ-साथ सीबीआई जांच के विकल्प पर भी विचार करना चाहिए।
वहीं, एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा जताए गए संदेह के आधार पर पांच अन्य संदिग्धों को थाने बुलाकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस मृतक के मोबाइल की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और घटना से पहले के संपर्कों की तकनीकी जांच में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नेगी राम अपनी दुकान से घटनास्थल तक किन परिस्थितियों में पहुंचे। पुलिस का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी तथ्य सामने लाए जाएंगे।


















