Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

NDPS Act Property Freeze: ‘नशे से बनाई संपत्ति पर चलेगा कानून का चाबुक’ बद्दी पुलिस ने फ्रीज की 1.5 करोड़ की प्रॉपर्टी!

नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज दो मामलों में कार्रवाई करते हुए बद्दी पुलिस ने नशा तस्करों और उनके परिजनों की 1.5 करोड़ रुपये की अवैध चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कर दिया है।
NDPS Act Property Freeze: 'नशे से बनाई संपत्ति पर चलेगा कानून का चाबुक' बद्दी पुलिस ने फ्रीज की 1.5 करोड़ की प्रॉपर्टी!

NDPS Act Property Freeze: पुलिस जिला बद्दी द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नशा तस्करों की अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ उनकी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी आर्थिक प्रहार किया जा रहा है। इसी अभियान के क्रम में थाना नालागढ़ में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज दो अलग-अलग मामलों में नशा तस्करों एवं उनके परिजनों के नाम पर बनाई गई करोड़ों रुपये की संपत्तियों को कानून के तहत फ्रीज करने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

पहले मामले में पुलिस द्वारा एफआईआर संख्या 56/2023, दिनांक 22 फरवरी 2023 के तहत धारा 21/61 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई थी। इस मामले में आरोपी गगनदीप वर्मा उर्फ बिल्ला, पुत्र सुभाष चंद, निवासी गांव दत्तोवाल, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के कब्जे से पुलिस ने 6.53 ग्राम चिट्टा बरामद किया था।

मामले की विस्तृत वित्तीय जांच के दौरान आरोपी एवं उसके परिजनों के नाम पर अर्जित विभिन्न चल और अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के परिवार की 53 हजार रुपये मूल्य की स्कूटी, 17 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की दो कारें, 9 लाख 50 हजार रुपये की एक अन्य कार, दत्तोवाल स्थित 12 लाख 50 हजार रुपये की दुकान और 6 लाख रुपये मूल्य का मकान शामिल है। इस प्रकार इस मामले में कुल 45 लाख 73 हजार रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया गया है।

इसी प्रकार दूसरे मामले में एफआईआर संख्या 73/2025, दिनांक 7 मार्च 2025 के तहत धारा 20/21/29/61 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत पुलिस द्वारा आरोपी सुरजन कुमार, पुत्र गुरदास, निवासी गांव बीड़ प्लासी, डाकघर मंझौली, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी के पास से 9.56 ग्राम चिट्टा और 77.770 ग्राम चरस बरामद की गई थी।

इस केस की वित्तीय जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी ने नशे के कारोबार से अवैध धन अर्जित किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की पत्नी पूनम के नाम पर अभिपुर फेज-2 न्यू नालागढ़ कालोनी स्थित 08 मरले के प्लॉट पर निर्मित मकान को फ्रीज कर दिया है। इस प्लॉट की कीमत लगभग 3 लाख रुपये तथा निर्माणाधीन मकान का वर्तमान अनुमानित बाजार मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये है। इस मामले में कुल 1 करोड़ 03 लाख रुपये की अचल संपत्ति को कानूनी प्रक्रिया के तहत फ्रीज किया गया है।

बद्दी पुलिस के अनुसार, इन दोनों मामलों में संयुक्त रूप से नशा तस्करों और उनके परिजनों से संबंधित लगभग 1 करोड़ 48 लाख 73 हजार रुपये की चल व अचल संपत्ति को फ्रीज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के विरुद्ध केवल मादक पदार्थों की जब्ती तक सीमित न रहकर, नशे के अवैध व्यापार से खड़े किए गए उनके वित्तीय ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त करने और आर्थिक प्रहार करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि बद्दी पुलिस द्वारा नशा तस्करों की पहचान करने और उनके द्वारा नशा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों की वित्तीय जांच की प्रक्रिया को और तेज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून के अनुसार संपत्तियों को फ्रीज करने और जब्त करने की यह सख्त कार्रवाई भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर जारी रहेगी।

Baddi PoliceDrug SmugglingHimachal NewsND&PS ActSolan News

Join WhatsApp

Join Now