Solan News: डीएवी स्कूल कुमारहट्टी के खिलाड़ियों ने दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में भाग लेते हुए बच्चों ने कबड्डी, कराटे और कुश्ती में पदक जीते। कबड्डी में अंडर-14 और अंडर-19 की लड़कियों की दोनों टीमें उप-विजेता रहीं और सिल्वर मेडल अपने नाम किए।
अंडर-14 की टीम में पलक्षी, सना, अदिति और हिमाक्षी तथा अंडर-19 की टीम में समृद्धि, हंसिका और अवनी शामिल थीं। कराटे के अंडर-14 वर्ग में आरवी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि रूबी ने रजत पदक हासिल किया। कराटे अंडर-17 में तृषिका और रोहित ने सिल्वर मेडल जीते। कुश्ती में अंडर-17 वर्ग में शिवम सिंह ने रजत पदक और अंडर-19 वर्ग में साहिल ने कांस्य पदक जीता। इनके अलावा प्रंजय, सौरिश, शिवांश और करण ने भी राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी की।
टूर्नामेंट से लौटने पर कुमारहट्टी में अभिभावकों, ग्राम पंचायत चेवा के प्रधान रमेश चौहान और पंचायत समिति सदस्यों ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। प्रधानाचार्या श्वेता जैन और पीटीआई दीपा ठाकुर ने बच्चों की इस उपलब्धि पर बधाई दी।




















