Prajasatta Side Scroll Menu
IEC University Bahra University - Shimla Hills

Kasauli Fake Army Officer Case: सोशल मीडिया ‘ट्रायल’, वायरल तस्वीरों के बाद बैजनाथ के युवक की मौत, बदनामी का बोझ नहीं सह पाया अर्पण?

खुद को सेना का अधिकारी बताकर पकड़ा गया 31 वर्षीय युवक सोशल मीडिया पर तस्वीरें और खबरें वायरल होने से उपजी सार्वजनिक बदनामी को सहन नहीं कर पाया। गहरे सदमे में आकर उसने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
Kasauli Fake Army Officer Case: सोशल मीडिया 'ट्रायल',वायरल तस्वीरों के बाद बैजनाथ के युवक की मौत, बदनामी का बोझ नहीं सह पाया अर्पण?

Kasauli Fake Army Officer Case: हिमाचल प्रदेश के कसौली में भारतीय सेना की वर्दी पहनकर खुद को सेना का अधिकारी बताने और सेना के लिकर कार्ड का इस्तेमाल करने के आरोप में हिरासत में लिए गए 31 वर्षीय युवक को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल, खुद को सेना का कर्नल बताकर टोल फीस बचाने के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में आए बैजनाथ निवासी अर्पण कटोच (31) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी में यह बात निकलकर सामने आ रही है कि अर्पण ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

इस घटना ने न केवल पुलिस विभाग को हिलाकर रख दिया है, बल्कि सोशल मीडिया पर किसी की भी तस्वीर और खबर बिना सोचे-समझे वायरल कर देने की प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कुछ पुख्ता सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए जाने की खबर वायरल होने के बाद अर्पण की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गईं। हर तरफ हो रही चर्चा और बदनामी से वह गहरे सदमे और शर्मिंदगी में था। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

क्या था पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, पुलिस चौकी गढ़खल को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव कोट और आसपास के क्षेत्रों में एक युवक सैन्य वर्दी पहनकर खुद को सेना का अधिकारी बता रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांव सुनारडी में दबिश देकर उसे किराए के कमरे से पकड़ा। तलाशी में उसके पास से सैन्य वर्दी में तस्वीर लगा एक पहचान पत्र बरामद हुआ, लेकिन पूछताछ में वह उससे संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

जांच में सामने आया कि अर्पण धर्मपुर के कंडा क्षेत्र के समीप एक निजी होटल में काम करता था और सुनारडी में किराए के कमरे में रहता था। इस मामले में थाना कसौली में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया था। पुलिस ने उस पर जुर्माना लगाकर उसे छोड़ दिया था और जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह जांच में भी सहयोग कर रहा था और बुलाने पर पुलिस के सामने हाजिर हो जाता था।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी बीच अर्पण ने सोलन के समीप अपने एक मित्र के घर में जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालत बिगड़ने पर उसे पहले एमएमयू अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

पुलिस अधीक्षक सोलन एस.डी. वर्मा ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में कुछ आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी सार्वजनिक करने से परहेज कर रही है।

होटल स्टाफ बोला, ‘बेहद अच्छे स्वभाव का था’
जिस निजी होटल में अर्पण काम करता था, वहां से भी उसके बारे में सकारात्मक जानकारी सामने आई है। होटल मेनेजर और साथ काम करने वालों के मुताबिक, वह मिलनसार और अच्छे स्वभाव का युवक था। सूत्रों का यह भी कहना है कि वह पहले से ही पारिवारिक परिस्थितियों और परिवार से अलग होने के दबाव से जूझ रहा था। ऐसे में सोशल मीडिया पर हर जगह अपनी तस्वीर देखकर वह और ज्यादा आहत हुआ।

“आरोप गंभीर था, पर इतना बड़ा नहीं”
जानकार लोगों का कहना है कि सेना की वर्दी का दुरुपयोग निश्चित रूप से गलत है और कानून के तहत इस पर कार्रवाई होनी ही चाहिए, लेकिन यह इतना बड़ा अपराध नहीं था कि किसी को अपनी जान गंवानी पड़े। कई लोगों ने यह सवाल भी उठाया है कि जब तक कोई पुख्ता जानकारी या आरोप उसके खिलाफ साबित नहीं हो जाता था, तब तक उसकी तस्वीरें और निजी जानकारी शेयर करना सही नहीं था।

जब उसे पूछताछ के बाद चेतावनी देकर छोड़ दिया था, थाने में हाजिरी देने को भी कहा गया था, जिसमें वह लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहा था। तो फिर उसकी तस्वीरें और पहचान इस तरह सार्वजनिक करने की क्या जरूरत थी? चूंकि सबसे पहले प्रिंट मीडिया के माध्यम से उसकी तस्वीरें और पहचान सार्वजनिक होने की जानकारी सामने आई थी।

सबक: वायरल करने से पहले सोचें
यह घटना एक बड़ी सीख भी है। सोशल मीडिया पर किसी की तस्वीर साझा करना चंद सेकंड का काम है, लेकिन उसका असर किसी व्यक्ति और उसके परिवार की जिंदगी पर सालों तक रह सकता है। कानून तोड़ने वाले को सजा देना अदालत और पुलिस का काम है, भीड़ का नहीं। किसी की गलती पर सार्वजनिक शर्मिंदगी का माहौल बनाना भी एक तरह की अदृश्य हिंसा है। पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Kullu Dussehra 2026 Celebration Kullu Dussehra 2026 Celebration
Crime NewsHimachal NewsSolan PoliceViral News Hindi

Join WhatsApp

Join Now