Prajasatta Side Scroll Menu
Bahra University - Shimla Hills

HRTC Bus Accident Kullu: मनाली-पठानकोट रूट पर पलटी HRTC बस, चालक-परिचालक समेत 6 घायल

Himachal Road Accident Today: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में मनाली से पठानकोट जा रही एचआरटीसी बस बाशिंग पुलिस लाइन के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक, परिचालक और चार यात्रियों को चोटें आई हैं।
Updated By News Desk
Published on: 3 अक्टूबर 2026
HRTC Bus Accident Kullu: मनाली-पठानकोट रूट पर पलटी HRTC बस, चालक-परिचालक समेत 6 घायल

HRTC Bus Accident Kullu: हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामले में शनिवार सुबह मनाली से पठानकोट जा रही एचआरटीसी (HRTC) की बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसा बाशिंग के समीप पेश आया। दुर्घटना में चालक-परिचालक समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। हादसा सुबह करीब 6 बजे पुलिस लाइन बाशिंग के समीप हुआ।

बताया जा रहा है कि बस मनाली से पठानकोट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बाशिंग के पास मोड़ काटते वक्त बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर पर पलट गई। हादसे के दौरान क्रैश बैरियर बस की बॉडी के भीतर घुस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

बस में चार यात्री, चालक और परिचालक सवार थे। हादसे में चालक मनमोहन सिंह (42) पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी गांव बुहट, चुवाड़ी समेत पांच लोगों को चोटें आई हैं। परिचालक प्रवीण (46) पुत्र लाभ सिंह निवासी गांव खन्नी, नूरपुर को भी हल्की चोटें लगी हैं। घायलों में श्याम लाल (45) पुत्र लाला राम निवासी बास्कोला कटरेन, कुल्लू, किशन थापा (42) निवासी बंदरोल, कुल्लू, छाया देवी (25) पत्नी राकेश कुमार निवासी गांव कुठैड़, पठानकोट और राकेश कुमार (31) पुत्र सरदारी लाल निवासी कुठैड़, पठानकोट शामिल हैं।

इस दुर्घटना में सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बस सड़क पर किन परिस्थितियों में पलटी, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

एसपी कुल्लू अभिषेक सेकर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी की बस सुबह मनाली से पठानकोट की ओर जा रही थी। बाशिंग में मोड काटते समय बस का नियंत्रण खो गया और बस सड़क किनारे जा गिरी। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बस से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए ढालपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कुल्लू पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।

Himachal Pradesh NewsHRTC Bus AccidentKullu policeKullu Road AccidentManali Pathankot Route

Join WhatsApp

Join Now